Saturday, May 18, 2024
बस्ती मण्डल

विधायक संजय ने ग्राम पंचायतों की समस्या निस्तारण हेतु मुख्यमंत्री को भेजा पत्र

बस्ती । भारतीय जनता पार्टी विधायक संजय प्रताप जायसवाल ने अखिल भारतीय पंचायत संगठन के जिलाध्यक्ष महेन्द्र सिंह द्वारा दिये गये पत्र के सन्दर्भ का उल्लेख करते हुये मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर ग्राम पंचायतों के समस्याओं के निस्तारण का आग्रह किया है। पत्र में कहा गया है कि ग्राम पंचायतोें को प्राप्त धनराशि से विकास हेतु सरकार द्वारा निर्धारित रेट व बाजार मूल्य में काफी अन्तर है।

पत्र में कहा गया है कि जिला प्रशासन द्वारा ग्राम पंचायतोें को विकास कार्यो के लिये सामाग्रियों का जो दर निर्धारित किया गया है उस दर और बाजार मूल्य में भारी अन्तर होने के कारण ग्राम प्रधानों को कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। ईट, सीमेन्ट, सरिया, मोरंग, बालू आदि सामग्री के निर्धारित दर और बाजार मूल्य में काफी अन्तर होने के कारण ग्राम प्रधानों में आक्रोश है। इस समस्या का समाधान कराया जाय।
विधायक संजय प्रताप ने अखिल भारतीय पंचायत संगठन के जिलाध्यक्ष महेन्द्र सिंह द्वारा दिये गये 15 सूत्रीय पत्र को संलग्न करते हुये मुख्यमंत्री से व्यवहारिक समस्याओं का समाधान कराने का आग्रह किया है।
यह जानकारी विधायक संजय प्रताप जायसवाल के मीडिया प्रभारी अमर सोनी ने दी है।