यूपी की बेटी बनेगी फाइटर पायलट
मिर्जापुर।मिर्जापुर की सानिया मिर्जा ने देश कि पहली महिला मुस्लिम फाइटर पायलट होने का गौरव हासिल किया है। साथ में वह यूपी की पहली लड़की बनी हैं, जो फाइटर पायलट होगी। भारतीय वायु सेना से सानिया मिर्जा को ज्वाइनिंग लेटर मिल चुका है। सानिया 27 दिसंबर को पुणे में ड्यूटी जॉइन करेंगी।
सानिया ने 10 अप्रैल 2022 को एनडीए एग्जाम पास किया था। इसके बाद नवंबर में जारी लिस्ट में भी उनका नाम है। वह 27 दिसंबर को पुणे के खड़गवासला में ड्यूटी ज्वॉइन करेंगी। सानिया ने बचपन से ही एयरफोर्स में जाने और फाइटर पायलट बनने का सपना देखा था और उनकी मेहनत आखिरकार रंग लाई। उनकी इस कामयाबी से उनके माता-पिता के अलावा पूरा जिला फख्र कर रहा है।
सानिया मिर्जा देश की दूसरी लड़की हैं, जिसका चयन फाइटर पायलट के तौर पर हुआ है।सानिया मिर्जापुर के जसोल गांव के रहने वाले शाहिद अली की बेटी हैं। पिता शाहिद अली एक टीवी मैकेनिक हैं। शाहिद अली की बेटी सानिया ने नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) की परीक्षा में सेलेक्ट हुई हैं। उसे फ्लाइंग विंग में महिलाओं के लिए आरक्षित 19 सीटों में दूसरा स्थान मिला है। इससे पहले भी सानिया ने एनडीए की परीक्षा दी थी, लेकिन तब कामयाब नहीं हो पाई थीं। दूसरी बार में उन्होंने परीक्षा पास की।
आपको बता दें सानिया ने प्राइमरी से लेकर 10वीं तक की पढ़ाई गांव के पंडित चिंतामणि दुबे इंटर कॉलेज से पूरी की है। इसके बाद 12वीं तक की पढ़ाई गुरुनानक इंटर कॉलेज से हुई। सानिया शुरू से ही होनहार थीं। उन्होंने 12वीं में जिला टॉप किया था। सानिया ने इसके बाद सेंचुरियन डिफेंस एकेडमी से एनडीए की तैयारी की थी।