बस्ती।आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर नगर पंचायत बनकटी में तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में नवनिर्मित छठ घाटों का निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। इसके साथ ही नगर पंचायत क्षेत्र के सभी छठ घाटों की साफ-सफाई, मरम्मत एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का कार्य भी युद्धस्तर पर चल रहा है। नगर पंचायत के वार्ड लक्ष्मीबाई नगर के यादव पुरवा एवं फैलवा, कृष्णा नगर के चौधरी पुरवा, पटेल नगर के कटौधा, अंबेडकर नगर के बासापार तथा मोहन नगर के बरंडा में नवनिर्मित छठ घाटों का निर्माण कराया जा रहा है। इन स्थानों पर कारीगरों और मजदूरों द्वारा तेजी से काम किया जा रहा है, ताकि छठ व्रतियों को पर्व के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं वरिष्ठ भाजपा नेता इंजीनियर अरविंद पाल के नेतृत्व में तथा अतुल पाल के संरक्षण में छठ घाटों के निर्माण और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का कार्य कराया जा रहा है। इसके तहत घाटों की साफ-सफाई, पहुंच मार्गों को व्यवस्थित करने तथा पूजा के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। छठ पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु नदी, तालाबों एवं घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। ऐसे में नगर पंचायत प्रशासन एवं संबंधित लोगों द्वारा समय रहते व्यवस्थाएं पूरी करने का प्रयास किया जा रहा है। नवनिर्मित घाटों के तैयार होने से स्थानीय श्रद्धालुओं को अपने ही मोहल्लों में पूजा-अर्चना की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
नगर पंचायत क्षेत्र में चल रहे निर्माण एवं साफ-सफाई के कार्यों को लेकर लोगों में उत्साह है। प्रयास है कि छठ महापर्व से पहले सभी घाटों को पूरी तरह तैयार कर श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाया जा सके।
BNT LIVE www.bntlive.com