दूसरे डीजे से अधिक आवाज में बजाने की कर रहा था होड़, मना करने पर स्थानीय लोगों से करने लगा विवाद
संतकबीरनगर। मां लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद में कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने डीजे लगे बोलेरो वाहन को भी आवश्यक कागजात नहीं मिलने पर सीज कर दिया।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को प्रतिमा विसर्जन के मद्देनजर पुलिस टीम क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही थी। इसी दौरान बजरंगनगर में एक व्यक्ति द्वारा दूसरे डीजे से अधिक तेज आवाज में डीजे बजाने की प्रतिस्पर्धा किए जाने की सूचना मिली। स्थानीय लोगों ने जब उसे तेज आवाज में डीजे बजाने से मना किया तो वह उनसे विवाद करने लगा। इससे क्षेत्र में शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका पैदा हो गई।
सूचना पर उपनिरीक्षक जावेद खान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने डीजे की आवाज कम करने और संबंधित व्यक्ति को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसने पुलिस के निर्देशों का पालन नहीं किया। इसके बाद पुलिस ने नियाज अहमद पुत्र कासिम अली निवासी बजरंगनगर को धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर निरोधात्मक कार्रवाई की। चालानी रिपोर्ट उपजिलाधिकारी खलीलाबाद के न्यायालय भेज दी गई।
वहीं, आवश्यक वाहन दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर डीजे लगे महिंद्रा बोलेरो वाहन संख्या यूपी 83 एल 3419 को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में हुई कार्रवाई में उपनिरीक्षक जावेद खान, कांस्टेबल मोहित वर्मा और आकाश कुमार यादव शामिल रहे। पुलिस ने लोगों से धार्मिक एवं सार्वजनिक आयोजनों में निर्धारित मानकों के अनुसार ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
BNT LIVE www.bntlive.com