Breaking News

रुधौली में श्रद्धा और उल्लास के साथ हुई भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज की सामूहिक पूजा, कलम पूजन कर लिया संस्कृति संरक्षण का संकल्प

कायस्थ परिवार मुड़ियार के तत्वावधान में हुआ भव्य आयोजन, राहुल श्रीवास्तव के आवास पर जुटे समाज के लोग; शिक्षा, ज्ञान, एकता और संस्कारों पर दिया गया जोर

रुधौली (बस्ती)। कायस्थ परिवार मुड़ियार की ओर से नेताजी सुभाषचंद्र बोस वार्ड, रुधौली में भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज की सामूहिक पूजा एवं कलम पूजन का भव्य आयोजन श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन बस्ती विकास समिति के संस्थापक अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव के आवास पर किया गया। इस अवसर पर कायस्थ समाज के लोगों ने विधि-विधान से भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज की पूजा-अर्चना कर समाज की सुख-समृद्धि, एकता और कल्याण की कामना की।

सामूहिक कलम पूजा के माध्यम से ज्ञान, शिक्षा, लेखनी, विवेक और संस्कारों के महत्व को रेखांकित किया गया। साथ ही समाज के लोगों ने अपनी गौरवशाली सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं संस्कारों से जोड़ने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर बस्ती विकास समिति के संस्थापक अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव ने कहा कि भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज हमारी आस्था, ज्ञान और लेखनी के आराध्य हैं। सामूहिक पूजा का उद्देश्य केवल धार्मिक परंपरा का निर्वहन करना नहीं, बल्कि समाज के लोगों को एक सूत्र में पिरोना तथा आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करना भी है। उन्होंने कहा कि अपनी सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए सभी को निरंतर प्रयास करना चाहिए।

डॉ. नवीन श्रीवास्तव ने कहा कि भगवान श्री चित्रगुप्त जी की पूजा एवं कलम पूजन कायस्थ समाज की प्राचीन और गौरवशाली परंपरा है। कलम ज्ञान, शिक्षा, विवेक और सकारात्मक विचारों का प्रतीक है। भगवान चित्रगुप्त जी के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करते हुए सत्य और न्याय के मार्ग पर चलना चाहिए।

धर्मेन्द्र श्रीवास्तव ने कहा कि इस प्रकार के सामूहिक धार्मिक आयोजन समाज को एकजुट करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से आपसी प्रेम, सहयोग और भाईचारे की भावना मजबूत होती है। वहीं दिनेश श्रीवास्तव ने कहा कि भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज की आराधना हमें अपने कर्मों के प्रति सजग रहने और सदैव अच्छे कार्य करने की प्रेरणा देती है। सामूहिक कलम पूजा हमारी सांस्कृतिक पहचान है, जिसका संरक्षण करना सभी का दायित्व है।

रितेश श्रीवास्तव हीरू ने कहा कि कायस्थ समाज सदैव शिक्षा, ज्ञान, संस्कार और सामाजिक समरसता के लिए जाना जाता रहा है। ऐसे आयोजनों से समाज में एकता और संगठन की भावना मजबूत होती है। उन्होंने सभी से अपनी संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए मिलकर प्रयास करने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कायस्थ बंधुओं ने एक-दूसरे को पूजा की शुभकामनाएं दीं और प्रसाद ग्रहण किया। पूरा आयोजन भक्तिमय एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

इस दौरान राकेश श्रीवास्तव, अभय श्रीवास्तव, अशोक श्रीवास्तव, अजीत श्रीवास्तव, दीपक श्रीवास्तव, अनमोल श्रीवास्तव, मुकेश श्रीवास्तव, स्वपनिल श्रीवास्तव, दिक्षान्त नवीन, पवन वर्मा सहित बड़ी संख्या में कायस्थ समाज के लोग उपस्थित रहे।

Check Also

तेज आवाज में डीजे बजाने पर विवाद, एक गिरफ्तार, बोलेरो सीज

दूसरे डीजे से अधिक आवाज में बजाने की कर रहा था होड़, मना करने पर …