दो साल से खराब सीआर मशीन ठीक कराने और कबाड़ एंबुलेंस हटाने के निर्देश, विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी पर जताई नाराजगी
संतकबीरनगर। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने बुधवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखी। इस दौरान अस्पताल में अव्यवस्थाएं मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में लंबे समय से खड़ी कबाड़ एंबुलेंस को देखकर उपमुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने उसे नियमानुसार स्क्रैप कराने का निर्देश दिया। वहीं, करीब दो वर्षों से खराब पड़ी सीआर मशीन को जल्द ठीक कराकर चालू कराने को कहा, ताकि मरीजों को जांच के लिए परेशान न होना पड़े।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती के निर्देश
अस्पताल में ईएनटी विशेषज्ञ, सर्जन और न्यूरो चिकित्सक की कमी का मामला सामने आने पर उपमुख्यमंत्री ने असंतोष जताया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती के लिए शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों और चिकित्सा उपकरणों का बेहतर इस्तेमाल होना चाहिए। निरीक्षण के बाद उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के निर्देश दिए।
सपा सरकार में गुंडे-माफियाओं का था बोलबाला
मीडिया से बातचीत में उपमुख्यमंत्री ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की चार बार सरकार रही, उस दौरान प्रदेश में गुंडे-माफियाओं का बोलबाला था। भाजपा सरकार में अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। अखिलेश यादव के अयोध्या दर्शन को लेकर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कम से कम अब उन्हें भगवान श्रीराम के दर्शन करने की सद्बुद्धि आई है।
उपमुख्यमंत्री के औचक निरीक्षण से जिला अस्पताल प्रशासन में अफरा-तफरी का माहौल रहा। उनके सख्त रुख से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने और मरीजों को बेहतर इलाज मुहैया कराने का स्पष्ट संदेश मिला।
BNT LIVE www.bntlive.com