Breaking News

शाही अंदाज और आधुनिक सुविधाओं के साथ खलीलाबाद में खुला ‘डी वैलेंसिया’ होटल

उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने किया भव्य उद्घाटन, छापड़िया परिवार की पहल को सराहा; बोले- आधुनिक और विश्वस्तरीय प्रतिष्ठानों से बढ़ेगी जिले की पहचान

आशु सिंह/बस्ती न्यूज़ टाइम्स
संतकबीरनगर। खलीलाबाद में आधुनिक सुविधाओं और राजसी वास्तुकला से सुसज्जित होटल ‘डी वैलेंसिया’ (De Valencia – A Victorian Tale) का बुधवार को भव्य शुभारंभ हुआ। राष्ट्रीय राजमार्ग-27 स्थित होटल का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने होटल के मालिक एवं प्रतिष्ठित व्यवसायी वैशाली छापड़िया एवं विवेक छापड़िया तथा उनके परिवार को बधाई देते हुए इस पहल की सराहना की।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि संतकबीरनगर जैसे जनपद में आधुनिक सुविधाओं और बेहतर आतिथ्य सेवाओं से युक्त प्रतिष्ठानों की आवश्यकता है। इस तरह की पहल न केवल जिले को नई पहचान दिलाती है, बल्कि विकास और व्यावसायिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहित करती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि डी वैलेंसिया होटल क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ जिले की प्रतिष्ठा बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

दिग्गजों की मौजूदगी में हुआ भव्य शुभारंभ

होटल मालिक वैशाली छापड़िया एवं विवेक छापड़िया की ओर से आयोजित उद्घाटन समारोह में राजनीति, व्यापार, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियों ने शिरकत की। अतिथियों ने होटल की आकर्षक बनावट, भव्य सजावट और आधुनिक व्यवस्थाओं की प्रशंसा की।

विक्टोरियन वास्तुकला के साथ आधुनिक सुविधाओं का संगम

‘डी वैलेंसिया – ए विक्टोरियन टेल’ को विशेष विक्टोरियन थीम पर विकसित किया गया है। इसकी आकर्षक वास्तुकला, शानदार इंटीरियर, सुरुचिपूर्ण साज-सज्जा और आरामदायक वातावरण इसे अन्य प्रतिष्ठानों से अलग पहचान देते हैं। होटल में देशी और विदेशी व्यंजनों की विविधता के साथ बेहतर खानपान और आतिथ्य का अनुभव उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। शानदार बैठक व्यवस्था और आधुनिक सुविधाओं के चलते यह होटल खलीलाबाद के खानपान एवं आतिथ्य क्षेत्र में नया आकर्षण बनने की उम्मीद है।

छापड़िया परिवार की पहल से जिले को मिली नई सौगात

व्यवसायी वैशाली छापड़िया एवं विवेक छापड़िया की इस पहल को संतकबीरनगर के व्यावसायिक और आतिथ्य क्षेत्र के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। होटल के शुभारंभ से स्थानीय लोगों के साथ ही बाहर से आने वाले मेहमानों को भी आधुनिक और बेहतर सुविधाओं वाला एक नया विकल्प मिलेगा। माना जा रहा है कि इस तरह के प्रतिष्ठानों से जिले की व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक विकास की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।

इस अवसर पर अमर राय, देवेन्द्र मिश्रा, पूर्व भाजपा नगर अध्यक्ष सतविंदर पाल सिंह जज्जी, राधेश्याम जयसवाल, वीरेंद्र सिंह राजपूत, बब्बू जैन, हनी सिंह, धर्मेंद्र वर्मा, संजीव वर्मा, संजीव भाटिया, शैलेंद्र यादव, प्रदीप सिसोदिया, सूर्यभान सिंह श्रीनेत रिंकू सिंह, रुद्रनाथ मिश्रा, शक्ति विकास, मुरलीधर, सुदर्शन बेलदार, सुधांशु सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Check Also

जिला अस्पताल की खामियों पर भड़के डिप्टी सीएम, अधिकारियों को लगाई फटकार

दो साल से खराब सीआर मशीन ठीक कराने और कबाड़ एंबुलेंस हटाने के निर्देश, विशेषज्ञ …