मड़िया स्थित काली मंदिर से निकली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में शामिल हुए श्रद्धालु, मेंहदावल बाइपास पर हुआ प्रसाद वितरण; विधायक ने की पूजा-अर्चना
आशु सिंह/बस्ती न्यूज़ टाइम्स
संतकबीरनगर। भगवान श्री चित्रगुप्त महाराज की पूजा एवं कलम-दवात पूजन के पावन अवसर पर अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के तत्वावधान में कायस्थ समाज की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। धार्मिक उल्लास, श्रद्धा और उत्साह के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शोभायात्रा के दौरान भगवान श्री चित्रगुप्त महाराज के जयकारों से पूरा शहर भक्तिमय हो उठा।
शोभायात्रा का शुभारंभ मड़िया स्थित काली मंदिर से विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना के बाद हुआ। यहां से निकली शोभायात्रा शहर के विभिन्न चौराहों और प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए मेंहदावल बाइपास पहुंची। इस दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ सहभागिता की। मेंहदावल बाइपास पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में खलीलाबाद सदर विधायक अंकुर राज तिवारी भी शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्री चित्रगुप्त महाराज की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। विधायक ने आयोजन की सराहना करते हुए अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के पदाधिकारियों एवं आयोजक मंडल को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में एकता, भाईचारे और आपसी सद्भाव को मजबूत करने के साथ ही हमारी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के जिलाध्यक्ष शक्ति श्रीवास्तव ‘बाबुल’ ने कहा कि भगवान श्री चित्रगुप्त महाराज कायस्थ समाज के आराध्य देव हैं। प्रत्येक वर्ष चित्रगुप्त पूजा के अवसर पर समाज के लोग पूरी श्रद्धा और विधि-विधान के साथ उनकी आराधना करते हैं। यह पर्व केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि समाज को एकजुट करने, आपसी प्रेम और भाईचारे को बढ़ावा देने तथा अपनी सांस्कृतिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का भी माध्यम है।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से समाज के लोगों ने एकजुट होकर जनकल्याण, सामाजिक सद्भाव और सभी के सुख-समृद्धि की कामना की। शोभायात्रा में कायस्थ समाज के लोगों की बड़ी संख्या में भागीदारी ने आयोजन को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम में पवन श्रीवास्तव, डॉ. चित्रसेन श्रीवास्तव, डॉ. आलोक सिन्हा, विवेक कुमार श्रीवास्तव, संजय श्रीवास्तव, संत श्रीवास्तव, श्याम मोहन श्रीवास्तव, सुभाष चंद्र श्रीवास्तव, विशंभर नाथ श्रीवास्तव, प्रसेन्न श्रीवास्तव, धीरज श्रीवास्तव, राकेश श्रीवास्तव, सर्वेश श्रीवास्तव, अत्रेश श्रीवास्तव, नमन श्रीवास्तव, सुनील श्रीवास्तव, रतन श्रीवास्तव, राजेश श्रीवास्तव, कृष्ण कुमार श्रीवास्तव और राजेंद्र श्रीवास्तव सहित कायस्थ समाज के अनेक लोग मौजूद रहे।
BNT LIVE www.bntlive.com