शुगर मिल कॉलोनी स्थित पोखरे पर सफाई और रंगाई-पुताई कार्य समय से पूरा करने के दिए निर्देश, श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर दिखे सक्रिय
आशु सिंह/बस्ती न्यूज़ टाइम्स
संतकबीरनगर। छठ महापर्व को लेकर नगर क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में वार्ड नंबर चार अचकवापुर के सभासद दिलीप निराला ने शुगर मिल कॉलोनी स्थित पोखरे पर चल रही तैयारियों और साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद नगर पालिका के कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए छठ पूजा से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान सभासद दिलीप निराला ने स्वयं सफाई कार्य की निगरानी की और बुलडोजर लगवाकर पोखरे की सफाई कराई। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देशित किया कि पूजा स्थल की साफ-सफाई के साथ ही रंगाई-पुताई का कार्य भी निर्धारित समय के भीतर पूरा कर लिया जाए, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि छठ पर्व आस्था और श्रद्धा का महत्वपूर्ण त्योहार है। ऐसे में पूजा स्थल पर स्वच्छता और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना प्राथमिकता होनी चाहिए। नगर पालिका के कर्मचारियों को निर्देश दिया गया कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
छठ पर्व को लेकर क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। नगर पालिका की ओर से भी श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस दौरान सभासद प्रतिनिधि विजय निराला सहित नगर पालिका के कई कर्मचारी मौजूद रहे।
BNT LIVE www.bntlive.com