Breaking News

टिकवा जोत में आमने-सामने बाइक भिड़ंत, दो युवक गंभीर रूप से घायल

बनकटी,बस्ती ( वकील अहमद सिद्दीकी ) लालगंज थाना क्षेत्र के टिकवाजोत में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। जानकारी के अनुसार, दीपक (19 वर्ष) पुत्र बिफई, निवासी पड़री थाना मुंडेरवा तथा गिरधर पाठक (30 वर्ष) पुत्र बिंदेश्वरी, निवासी चिलमा थाना दुबौलिया, अपनी-अपनी बाइकों से अलग-अलग दिशा में जा रहे थे। जैसे ही दोनों युवक टिकवा जोत के पास पहुंचे, तेज रफ्तार के कारण उनकी बाइकों में आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े और घायलों को संभालते हुए एंबुलेंस की मदद से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त मार्ग पर आए दिन तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन इसके बावजूद न तो गति नियंत्रण के लिए कोई ठोस व्यवस्था है और न ही यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया जाता है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही बताया जा रहा है।
फिलहाल दोनों घायलों का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है, हालांकि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

Check Also

खोरिया ग्राम पंचायत में रात्रि चौपाल का आयोजन, अधिकारियों ने सुनी जनसमस्याएं और दिए समाधान के निर्देश

बनकटी बस्ती।(वकील अहमद सिद्दीकी) बनकटी ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत खोरिया में शनिवार की रात रात्रि …