बनकटी, बस्ती ( वकील सिद्दीकी ) गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद सदस्य के निर्वाचन के लिए शुक्रवार को बनकटी ब्लॉक सभागार कक्ष में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। सुबह आठ बजे शुरू हुई मतदान प्रक्रिया शाम चार बजे तक चली।
पीठासीन अधिकारी नीरज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मतदान केंद्र पर कुल 179 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 163 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार कुल 91.06 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान करने वालों में 128 पुरुष और 35 महिला मतदाता शामिल रहीं।
चुनाव में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों की ओर से भाजपा प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी और समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी मैदान में रहे। इनके अलावा 14 निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी चुनाव में अपनी किस्मत आजमाई। इस तरह कुल 16 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे।
मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मतदान केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। थानाध्यक्ष विश्व मोहन राय की मौजूदगी में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। मतदान के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली और निर्धारित समय पर मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई।
BNT LIVE www.bntlive.com