Breaking News

बनकटी क्षेत्र में मोहर्रम शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न, सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम

बनकटी, बस्ती ( वकील अहमद सिद्दीकी ) जनपद के नगर पंचायत बनकटी एवं आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार को मोहर्रम का पर्व पूरे श्रद्धा, आस्था और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महथा, शंकरपुर, बाघापार बजहा, पक्वा बाजार, अहिरौली, बराहुआँ, हिनौता, बानपुर, बनकटी कुरियार तथा लालगंज शोभनपार समेत विभिन्न गांवों में ताजिया जुलूस निकाले गए और शोहदाए कर्बला की याद में मजलिसों का आयोजन किया गया। मोहर्रम के मौके पर अकीदतमंदों ने इमाम हुसैन की शहादत को याद करते हुए मातम किया और कर्बला के संदेश सत्य, न्याय और बलिदान को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया। कई स्थानों पर जिक्रे शोहदाए कर्बला की महफिलें सजीं, जहां उलेमा-ए-कराम ने कर्बला की घटनाओं पर प्रकाश डालते हुए लोगों को भाईचारा और इंसानियत का संदेश दिया। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। लालगंज थानाध्यक्ष विनय कुमार पाठक ने बताया कि सभी ताजिया स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। जुलूस मार्गों पर लगातार पुलिस गश्त की जा रही थी, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना की संभावना को खत्म किया जा सके।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि माहौल खराब करने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर बनी रही, ताकि किसी भी भ्रामक सूचना को तुरंत रोका जा सके। स्थानीय प्रशासन और पुलिस की मुस्तैदी के चलते पूरे क्षेत्र में मोहर्रम का आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। वहीं विभिन्न समुदायों के लोगों ने भी एक-दूसरे का सहयोग कर आपसी सौहार्द और भाईचारे की मिसाल पेश की।

Check Also

खोरिया ग्राम पंचायत में रात्रि चौपाल का आयोजन, अधिकारियों ने सुनी जनसमस्याएं और दिए समाधान के निर्देश

बनकटी बस्ती।(वकील अहमद सिद्दीकी) बनकटी ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत खोरिया में शनिवार की रात रात्रि …