Breaking News

राशन में डकैती का खेल! कोटेदार पर घटतौली और दबंगई का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश

बस्ती । जिले में सरकारी राशन व्यवस्था में गरीबों के हक पर डाका डालने का एक और मामला सामने आया है। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत लोहरौली के कोटेदार राज नरायन पर राशन वितरण में बड़े पैमाने पर घटतौली, मनमानी और अभद्रता करने का गंभीर आरोप लगा है। मामले को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है और पीड़ितों ने मुख्यमंत्री पोर्टल आईजीआरएस से लेकर जिलाधिकारी तक शिकायत भेजकर जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

गोबरहिया निवासी उमेश शुक्ल ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि कोटेदार गरीबों को निर्धारित मात्रा से कम राशन दे रहा है। वहीं ग्रामसभा निवासी प्रसिद्ध कुमार पुत्र चन्द्रभूषण ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में कहा कि कोटेदार राज नरायन प्रत्येक राशन कार्ड धारक को करीब दो किलो तक राशन कम दे रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि बचा हुआ राशन खुले बाजार में बेचकर मोटा मुनाफा कमाया जा रहा है।

पीड़ितों के अनुसार जब कोई उपभोक्ता कम राशन देने का विरोध करता है तो कोटेदार अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए मारपीट पर आमादा हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि कोटेदार दबंग प्रवृत्ति का व्यक्ति है, जिसके डर से अधिकतर लोग खुलकर विरोध नहीं कर पाते। यही कारण है कि लंबे समय से घटतौली का खेल चलता रहा और गरीब परिवार अपने हक से वंचित होते रहे।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सरकार जहां गरीबों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराने का दावा कर रही है, वहीं कुछ कोटेदार इस योजना को भ्रष्टाचार का जरिया बना चुके हैं। गरीब परिवारों का कहना है कि उन्हें मिलने वाला राशन पहले से ही सीमित है, ऐसे में उसमें भी कटौती कर देना उनके साथ सीधा अन्याय है।
मामले को लेकर शिकायतकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषी पाए जाने पर कोटेदार के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो तथा सभी पात्र लाभार्थियों को निर्धारित मात्रा में राशन उपलब्ध कराया जाए। अब देखना यह होगा कि प्रशासन गरीबों की इस पुकार पर कितना गंभीर कदम उठाता है।

Check Also

धरना प्रदर्शन की तैयारी तेज, बनकटी ब्लॉक में प्रधानों की अहम बैठक

बनकटी, बस्ती ( वकील अहमद सिद्दीकी ) विकासखंड बनकटी के सभागार कक्ष में शुक्रवार को …