Breaking News

सामाजिक प्रभाव में उत्कृष्टता के लिए जयपुरिया स्कूल बस्ती सम्मानित

बस्ती। सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल, बस्ती कैंपस को शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक सरोकारों और समुदाय में सकारात्मक बदलाव के लिए प्रतिष्ठित ‘एक्सीलेंस इन सोशल इम्पैक्ट’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। देशभर में संचालित 61 से अधिक सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूलों के बीच बस्ती कैंपस के योगदान को मिली यह मान्यता विद्यालय के लिए गौरव का विषय है।
सम्मान विद्यालय के निदेशक मनीष अग्रवाल एवं हिमांशु सेन ने संपूर्ण जयपुरिया बस्ती परिवार की ओर से प्राप्त किया। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार यह उपलब्धि केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और सेवा की भावना विकसित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की पहचान है।
विद्यालय की कार्यप्रणाली में शिक्षा को केवल पाठ्यक्रम और कक्षा तक सीमित न रखते हुए विद्यार्थियों को समाज और समुदाय के प्रति जिम्मेदार बनाने पर जोर दिया जाता है। विभिन्न सामाजिक पहलों और गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशील होने, पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने और समाज के लिए उपयोगी कार्यों में सहभागिता के लिए प्रेरित किया जाता है। विद्यालय का मानना है कि शिक्षा का उद्देश्य केवल बेहतर अंक हासिल करना नहीं, बल्कि ऐसे नागरिक तैयार करना भी है, जो समाज के विकास में सकारात्मक भूमिका निभा सकें।
निदेशक मनीष अग्रवाल, हिमांशु सेन एवं राहुल सिंह ने इस सम्मान पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा की वास्तविक सार्थकता तब सामने आती है, जब उसका प्रभाव कक्षा की सीमाओं से बाहर समाज तक पहुंचे। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यालय की प्रशासनिक टीम के सामूहिक प्रयासों को दिया।
प्रधानाचार्य सुभाष जोशी ने कहा कि यह सम्मान पूरे विद्यालय समुदाय की उपलब्धि है। उनके अनुसार किसी विद्यालय की असली सफलता ट्रॉफी या प्रमाणपत्र में नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यवहार, सोच और समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी में दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि बच्चों और परिवारों में सकारात्मक बदलाव ही इस उपलब्धि का वास्तविक आधार है।
विद्यालय परिवार ने सम्मान को भविष्य के लिए प्रेरणा बताते हुए सामाजिक सरोकारों से जुड़ी गतिविधियों को और प्रभावी बनाने का संकल्प लिया। प्रबंधन के अनुसार विद्यार्थियों को जिम्मेदार, संवेदनशील और जागरूक नागरिक बनाने की दिशा में प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।

Check Also

हजारों समर्थकों के साथ बस्ती पहुंचेंगे जय चौबे, हरीश द्विवेदी के स्वागत को लेकर तैयारियां तेज

बस्ती। पूर्व सांसद एवं केंद्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी के केंद्रीय संगठन में नई जिम्मेदारी मिलने …