Breaking News

जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन का पुनर्गठन, जगत जायसवाल फिर बने अध्यक्ष

-17 सदस्यीय कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन, रमेश प्रसाद सचिव और राम सनेही यादव कोषाध्यक्ष

संतकबीरनगर। जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन संतकबीरनगर की नई कार्यकारिणी का रविवार को खलीलाबाद स्थित एक होटल में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से गठन किया गया। उत्तर प्रदेश एथलेटिक्स एसोसिएशन के लखनऊ सचिव बीआर वरुण और सिद्धार्थनगर के सचिव सोनू गुप्ता के पर्यवेक्षण एवं दिशा-निर्देशन में हुई बैठक में संघ की गतिविधियों की समीक्षा की गई। इस दौरान आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत करने के साथ एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संविधान में आवश्यक संशोधन पर भी चर्चा हुई।

बैठक में खलीलाबाद नगर पालिका अध्यक्ष जगत जायसवाल को पुनः जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन का अध्यक्ष चुना गया। रमेश प्रसाद को सचिव तथा राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक राम सनेही यादव को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। सभी पदों पर सर्वसम्मति से चयन किया गया।

नई कार्यकारिणी में दिनेश प्रताप सिंह वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाए गए। अंकुर पांडे, चंद्रकला यादव, अब्दुल्ला खान, रवि उदय पाल और रविंद्र नाथ त्रिपाठी को उपाध्यक्ष बनाया गया। संतोष कुमार यादव वरिष्ठ संयुक्त सचिव तथा मनोज यादव, रंजीत कुमार, अजय कुमार राय और जोखू प्रसाद पासवान संयुक्त सचिव बनाए गए। शेषनाथ यादव, मोहित पांडे और हेमंत तिवारी को सदस्य चुना गया।

पर्यवेक्षक बीआर वरुण ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संगठन की मजबूती के लिए सामूहिक प्रयास पर जोर दिया। उन्होंने खिलाड़ियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

अध्यक्ष जगत जायसवाल ने कहा कि जिले के बच्चों और युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना एसोसिएशन की प्राथमिकता है। जिले के खिलाड़ियों को प्रदेश, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि किसी खिलाड़ी को खेल सामग्री की जरूरत होने पर वह उनसे संपर्क कर सकता है।

सचिव रमेश प्रसाद ने कहा कि खिलाड़ियों के विकास के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा और उन्हें हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास रहेगा। कोषाध्यक्ष राम सनेही यादव ने संगठन की ओर से दी गई जिम्मेदारी का पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करने की बात कही।

बैठक में संघ के पदाधिकारी, सदस्य और खिलाड़ी मौजूद रहे। इस दौरान आगामी खेल गतिविधियों और जिले में एथलेटिक्स को बढ़ावा देने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।

Check Also

जीवीएम कान्वेंट स्कूल में “श्रीकृष्ण जन्माष्टमी” उत्सव एवं “टीचर्स-प्यूपिल्स डे” बड़े ही उमंग से मनाया गया

बस्ती। जी. वी. एम. कान्वेंट स्कूल में “श्रीकृष्ण जन्माष्टमी” उत्सव एवं “टीचर्स-प्यूपिल्स डे” बड़े ही …