बेलहरकला पुलिस ने जंगल दशहर मोड़ से किया गिरफ्तार, पुरानी रंजिश में राजू की धारदार हथियार से हत्या का आरोप; पुलिस टीम को 15 हजार रुपये पुरस्कार की घोषणा
संतकबीरनगर। बेलहरकला थाना क्षेत्र के जंगल दशहर गांव में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार नुकीली परखी भी बरामद की है। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम को उत्साहवर्धन के लिए 15 हजार रुपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
जंगल दशहर मोड़ से हुई गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदवन सिंह के निकट पर्यवेक्षण में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में बेलहरकला पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर 2026 को हत्या के मामले में वांछित रामदास गुप्ता पुत्र हरीराम गुप्ता, निवासी जंगल दशहर, थाना बेलहरकला को जंगल दशहर मोड़, ग्राम पिपरी के पास से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक धारदार नुकीली परखी बरामद हुई।
पुरानी रंजिश में वार करने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, 15 सितंबर को मंजू देवी पत्नी स्वर्गीय राजू, निवासी जंगल दशहर, ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि पुरानी रंजिश को लेकर रामदास गुप्ता ने उनके पति राजू के पेट में नुकीले धारदार हथियार से कई वार किए। घायल राजू को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेंहदावल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
तहरीर के आधार पर थाना बेलहरकला में मुकदमा अपराध संख्या 278/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस एवं 3(2)(v) एससी/एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पूछताछ में विवाद की बात सामने आने का दावा
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि महेंद्र और उसकी पत्नी का उसके घर आना-जाना था। राजू की पत्नी मंजू और उसके भाई महेंद्र के बीच रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपी के अनुसार, इसी बात को लेकर 15 सितंबर की शाम राजू, उसकी पत्नी मंजू और उसके बीच गाली-गलौज तथा मारपीट हुई। झगड़े के दौरान उसने बोरे से अनाज निकालने वाली धारदार परखी से राजू के सीने और पेट पर कई वार कर दिए।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई में थानाध्यक्ष बेलहरकला सर्वेश कुमार, उपनिरीक्षक राजेश कुमार दूबे, कांस्टेबल रोहित कुमार, सतीश कुमार त्रिपाठी, ओमप्रकाश चौरसिया, सर्विलांस सेल के कांस्टेबल अमरजीत मौर्य एवं पीयूष कुमार गुप्ता शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने पुलिस टीम की कार्रवाई पर नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
BNT LIVE www.bntlive.com