Wednesday, June 26, 2024
Others

बसपा को भाजपा की बी टीम बताकर लोगों को गुमराह किया जा रहा है-मायावती

 

बस्ती । बसपा सुप्रीमो मायावती ने गुरुवार को भाजपा, सपा और कांग्रेस पर बारी-बारी से हमला किया। कहा कि सपा व भाजपा जाति व धर्म विशेष के लिए काम करती हैं। वहीं, कांग्रेस अपनी गलत नीतियों के कारण
केंद्र और यूपी समेत कई राज्यों की सत्ता से बाहर हो गई है। उन्होंने कहा कि बसपा के सत्ता में आने पर पुरानी पेंशन भी बहाल की जाएगी।पूर्व मुख्यमंत्री मायावती शहर के जीआईसी ग्राउंड में जनसभा को संबोधित कर रही थीं।

उन्होंने कहा कि बसपा को भाजपा की बी टीम बताकर लोगों को गुमराह किया जा रहा है। इससे सावधान रहने की जरूरत है। कहा कि सपा ने अपनी सरकार के दौरान एक क्षेत्र विशेष और वर्ग विशेष के लिए काम किया। वहीं भाजपा पूंजीवादी और आरएसएस की संकीर्ण मानसिकता के साथ काम करती है। पूर्ववर्तीसरकारों के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में अपराध बढ़े हैं।उन्होंने कहा कि दलितों, पिछड़ों से लेकर अल्पसंख्यक वर्ग के हितों की अनदेखी की गई।

ब्राह्मण वर्ग भी अपने आपको उपेक्षित महसूस कर रहा है। बसपा सरकार में लागू की गई योजनाओं को बंद कर दिया गया। बसपा की सरकार आई तो पुरानी योजनाओं को फिर से शुरू कर सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखा जाएगा।

मायावती ने कहा कि सपा, भाजपा की सरकारों दलित वर्ग के महापुरुषों की अनदेखी। उन्हें वाजिब सम्मान नहीं दिया गया। मायावती ने बसपा को भाजपा की बीटीम बताए जाने पर भी भाजपा, सपा, कांग्रेस पर हमले किया। कहा कि सपा ने 2012 में कांग्रेस के साथ चुनाव लड़ा। पूछा कि कांग्रेस की सोनिया गांधी कभी बस्ती आईं। कहा कि ऐसे में सभी दलों से सावधान रहने की जरूरत है।

जनसभा में समर्थक इतने की मैदान में जगह नहीं बची और रोडवेज से लेकर मुख्य बाजार गांधीनगर तक जाम का माहौल रहा। इस रैली में बसपा प्रत्याशी हर्रैया से पूर्व कैबिनेट मंत्री राजकिशोर सिंह, बस्ती सदर से डा. आलोक रंजन, कप्तानगंज से जहीर अहमद जिम्मी, रूधौली से अशोक कुमार मिश्रा, महादेवा से लक्ष्मी चंद खरवार, संत कबीर नगर जनपद के खलीलाबाद से आफताब आलम, धनघटा से सन्तोष बेलदार, मेहदावल से मो. ताबिश खान, सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज से अशोक तिवारी, शोहरतगढ से राधारमण त्रिपाठी, इटवा से हरिशंकर सिंह, कपिलवस्तु से कन्हैया प्रसाद कन्नौजिया और बांसी से राधेश्याम पाण्डेय सहित हजारो समर्थक एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।