Monday, May 20, 2024
क्राइम

20 साल की महिला के साथ बदले के लिए किया गया सामूहिक बलात्कार

नई दिल्ली। महिलाओं और पुरुषों ने मिलकर यौन हिंसा के सामूहिक बलात्कार और हिंसा खेल की शुरुआत की। उन्हें लग रहा था कि वह यह सब करके इन्साफ कर रहे हैं पर असल में वह यह सब करके मानवीय मूल्य से भी नीचे चले गए। देश की राजधानी दिल्ली में एक ऐसी ही हिंसक घटना बुधवार, 26 जनवरी के दिन सामने आयी। दिल्ली के कस्तूरबा नगर शहादरा में 20 वर्षीय महिला को उसके घर से अगवा कर उसके साथ पहले सामूहिक बलात्कार किया गया। इसके बाद उसके बाल छील दिए गए। आरोपी यहां भी नहीं रुके, सभी हदों को पार करते हुए आरोपियों ने महिला के गले में जूतों की माला पहनाई, चेहरे को स्याही से रंग दिया और सड़क पर परेड कराई।

इस घटना का वीडियो सोशल मिडिया पर भी काफी वायरल हो रहा है। लोगों में भी घटना को लेकर काफी आक्रोश है।

दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार, 28 जनवरी को बयान देते हुआ कहा कि अभी तक मामले में 11 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है जिसमें से 9 महिलाएं हैं। आगे और भी लोगों को गिरफ़्तार किया जाएगा।

पुलिस ने आगे कहा, मामले के बारे में उन्हें पीड़िता के पति द्वारा जानकारी दी गयी थी। पीड़िता का पति घटनास्थल पर मौजूद नहीं था, उसे मकान मालिक द्वारा घटना के बारे में बताया गया था।

पुलिस ने कहा, जानकारी मिलते ही वह घटनास्थल पर पहुंचे और 20 वर्षीय महिला को बचाकर पुलिस स्टेशन ले आये। पुलिस द्वारा मामले को लेकर आईपीसी की अलग-अलग धाराओं के अंतर्गत रिपोर्ट दर्ज़ की गयी है जिसमें सामूहिक बलात्कार, यौन हिंसा, शारीरिक हिंसा व दूसरों के साथ मिलकर अपराध की साजिश करना आदि शामिल हैं।

पीड़िता की बहन ने पुलिस को बताया कि उनके पड़ोस में एक लड़का था जो उसकी बहन से प्यार करने का दावा करता था। पिछले साल नवंबर 2021 में लड़के ने आत्महत्या कर ली। “उसका परिवार मेरी बहन को उसकी मौत का ज़िम्मेदार मानता है” – पीड़िता की बहन ने कहा। पीड़िता का अपहरण और सामूहिक बलात्कार बदला लेने की सोच से किया गया था।

डीसीपी आर. साथियासुन्दरम (शहादरा) ने बताया, “कार्यवाही ज़ारी है। घटना बुधवार रात 12 :30 बजे हुई थी। हर तरह की मदद व काउंसलिंग पीड़िता को दी जायेगी।”