Friday, June 28, 2024
बस्ती मण्डल

मोदी-योगी सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के लिए संकल्पबद्ध हैं-दिलीप पाण्डेय

बस्ती।उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटे भारतीय जनता पार्टी के सभी मोर्चे अलर्ट मोड में आ गए हैं। किसान संवाद कार्यक्रमों से धरतीपुत्रों का मन टटोल चुका भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा अब खेल-खलिहानों के बीच चुनावी जमीन मजबूत कर लेना चाहता है। बस्ती में किसान मोर्चा विजय के इस अभियान का शंखनाद महादेवा विधानसभा से करने जा रही है। विगत दिनों ग्राम पंचायत में किसान चौपाल का आयोजन किया जा चुका है।
भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष दिलीप पाण्डेय ने बताया कि पार्टी किसानों से लगातार संवाद रखना चाहती है। मोदी-योगी सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के लिए संकल्पबद्ध हैं। इस दिशा में लगातार काम हो रहा है। इसी क्रम में 28 दिसम्बर को एक्सड़ा राना पतरु सिंह नरेन्द्र बहादुर सिंह महाविद्यालय केवचा बहादुरपुर में किसान सम्मेलन आयोजित की जा रही है। मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और विशिष्ट अतिथि किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र बन्धु सिंह किसानों को सम्बोधित करेंगे। कार्यक्रम में क्षेत्रीय अध्यक्ष गोपेश्वर त्रिपाठी सहित सभी पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। इस किसान सम्मेलन में सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष उपस्थित रहेंगे।
किसानों से सरकार की हितकारी नीतियों पर चर्चा की जाएगी। वह और क्या चाहते हैं, इस पर भी संवाद होगा। किसान भाजपा संगठन और सरकार की प्राथमिकता में है, यह संदेश गांव-गांव तक पहुंचाना इस कार्यक्रम का उद्देश्य है, जिसकी शुरुआत इस कार्यक्रम से की जा रही है। इसकी तैयारियों को लेकर लगातार बैठक हुई है।