Sunday, May 5, 2024
राजनैतिक

मध्यप्रदेश में बजा पंचायत चुनाव का बिगुल तीन चरणों मे होगा चुनाव

भोपाल,12 दिसम्बर 2021 (ख़) मध्यप्रदेश में पंचायत चुनाव तीन चरणों में होंगे। राज्य निर्वाचन आयोग ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी है। पहला चरण में 6 जनवरी 2022, दूसरा 28 जनवरी और तीसरा चरण में 16 फरवरी 2022 को मतदान किया जाएगा। तारीखों की घोषणा होते ही प्रदेश में आचार संहिता भी लागू कर दी गई है, जो चुनाव परिणाम आने तक रहेगी। यह आचार संहिता ग्रामीण क्षेत्रों में लागू रहेगी। पहले चरण 9 जिलों, दूसरे में 7 और तीसरे चरण में 36 जिलों में चुनाव कराए जाएंगे। 13 दिसंबर से नामांकन पत्र मिलने लगेंगे। मतदान सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक होगा।
*- इस बार चुनाव नही होगा पार्टी सिम्बल पर*
चुनाव दलीय आधार पर नहीं हो रहे हैं, इसलिए इसमें किसी भी पार्टी जैसे भाजपा या कांग्रेस का अधिकृत चुनाव चिन्ह उपयोग नहीं होगा। राज्य निर्वाचन आयोग अलग से चुनाव चिन्ह आवंटित करेगा। हालांकि आचार संहिता के दायरे में सभी राजनीतिक दल आएंगे।
*- यह होगी चुनावी प्रक्रिया*
पंचों और सरपंचों को निर्वाचन कार्यालय में जाकर ही फॉर्म भरकर जमा कराने होंगे, जबकि जिला पंचायत के लिए ऑनलाइन नामांकन किया जाएगा। जिला और जनपद सदस्य में वोटिंग EVM से होगी। ग्राम स्तर पर मतपत्र के जरिए वोटिंग कराई जाएगी।
*- चुनाव में सभी पदों के लिए धरोहर राशि*
जिला पंचायत सदस्य के लिए नामांकन के साथ धरोहर राशि 8 हजार रुपए, जनपद के लिए 4 हजार और ग्राम पंचायत सरपंच के लिए 2 हजार और पंच के लिए 400 रुपए जमा करनी होगी। अनूसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, ओबीसी, महिलाओं को निर्धारित से आधी ही राशि जमा करनी होगी। नामांकन पत्र दाखिल करने जाते समय अभ्यर्थी अपने साथ अधिकतम दो लोग ले जा सकते हैं। कार्यालय जाते समय दो वाहनों का ही प्रयोग कर सकते हैं।
*- प्रदेश के 9 जिलों में एक ही चरण में चुनाव संपन्न होंगे*
भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, निवाड़ी, अलीराजपुर, पन्ना, नरसिंहपुर, हरदा और दतिया।
*- 7 जिलों में दो चरणों में चुनाव होंगे*
जबलपुर, बुरहानपुर, सिंगरौली, उमरिया, अनूपपुर, श्योपुर और देवास
*- इन 36 जिलों की पंचायतों में 3 चरणों में*
इनमें राजगढ़, रायसेन, सीहोर, विदिशा, खरगोन, खंडवा, धार, झाबुआ, बड़वानी, गुना, शिवपुरी, अशोकनगर, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, कटनी, उज्जैन, नीमच, रतलाम, शाजापुर, आगर-मालवा, मंदसौर, सागर, छतरपुर, दमोह, टीकमगढ़, रीवा, सीधी, सतना, होशंगाबाद, बैतूल, शहडोल, भिंड और मुरैना।
*- ऐसा रहेगा प्रदेश में चुनावी कार्यक्रम*
प्रथम चरण के चुनाव के लिए 13 दिसंबर 2021 से नामांकन पत्र मिलेंगे।
नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की अंतिम तिथि 20 दिसंबर है।
पत्रों की जांच 21 दिसंबर को सुबह 10:30 बजे से होगी।
23 दिसंबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।
23 दिसंबर को नाम वापसी के ठीक बाद चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की सूची तैयार होगी। उन्हें चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
6 जनवरी 2022 को मतदान होगा।
*- दूसरा चरण*
चुनाव के लिए 13 दिसंबर 2021 से नामांकन पत्र मिलेंगे।
नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की अंतिम तिथि 20 दिसंबर रहेगी।
पत्रों की जांच 21 दिसंबर को सुबह 10:30 बजे से होगी।
23 दिसंबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।
23 दिसंबर को नाम वापसी के ठीक बाद चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की सूची तैयार होगी। उन्हें चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
28 जनवरी 2022 को मतदान होगा।
*- तीसरा चरण*
चुनाव के लिए 30 दिसंबर से नामांकन पत्र मिलेंगे।
नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की अंतिम तिथि 6 जनवरी 2022 रहेगी।
पत्रों की जांच 7 जनवरी को सुबह 10:30 बजे से होगी।
10 जनवरी दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।
अंतिम सूची 10 जनवरी को ही जारी की जाएगी। चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
मतदान 16 फरवरी 2022 को होगा।
*- इस तरह से होगी मतगणना*
पंच और सरपंच पद के मतों की काउंटिंग मतदान के बाद पोलिंग बूथ की जाएगी। जनपद और जिला पंचायत सदस्य के लिए मतगणना विकासखंड मुख्यालय पर होगी।
*- मध्यप्रदेश में मतदाता*
प्रदेश में कुल 3 करोड़ 92 लाख 51 हजार 811 मतदाता हैं। इनमें पुरुष मतदाता 2 करोड़ 02 लाख 30 हजार 095 हैँ। वहीं, महिला मतदाता 1 करोड़ 90 लाख 20 हजार 672 हैं। अन्य मतदाता 1044 हैं। – प्रदेश में 71 हजार 398 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। – चुनाव के लिए 4.25 लाख कर्मचारी तैनात किए जाएंगे।
*- कितनी ग्राम पंचायतों में होगा चुनाव*
प्रदेश में 22 हजार 695 ग्राम पंचायतों में चुनाव होगा। इसके लिए 71 हजार 398 पोलिंग बूथ बनाए जांगे। चुनाव का सबसे मेगा शो आखिरी चरण में होगा।
*- इतने पैसों में लड़ सकते हैं चुनाव*
जिला पंचायत सदस्य के लिए नामांकन पत्र जिला मुख्यालय पर, जनपद सदस्य के जिला विकासखंड मुख्यालय, पंच और सरपंच पद के लिए विकासखंड और क्लस्टर मुख्यालय पर लिए जाएंगे।
*- राज्य निर्वाचन आयोग ने बनाया कंट्रोल रूम*
राज्य निर्वाचन आयोग मुख्यालय पर कंट्रोलरूम बनाया गया है। इस 0755-2551076 नंबर पर निर्वाचन संबंधी शिकायत कर सकते हैँ। जिला स्तर पर अलग से कंट्रोल रूम बनाए जाएंगे।
*- 144 ग्राम पंचायतों में चुनाव बाद में*
प्रदेश में 114 ग्राम पंचायतों का कार्यकाल मार्च 2022 के बाद पूर्ण होगा। इन पंचायतों में पंच व सरपंच का निर्वाचन अलग से कराया जाएगा, लेकिन इन पंचायत क्षेत्रों से संबंधित जनपद पंचायत सदस्य व जिला पंचायत सदस्य का निर्वाचन अभी संपन्न होगा।
*- यहां देख सकेंगे मतदाता सूची*
इस बार चुनाव में टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल भी देखने को मिलेगा। जहां जिला पंचायत सदस्य और जनपद पंचायत सदस्य ऑनलाइन फॉर्म भर सकेंगे। इसके लिए वे अपने लैपटॉप या डेस्कटॉप, एमपी ऑनलाइन या लोकसेवा केंद्र के माध्यम से नामांकन जमा कर सकेंगे। हालांकि हार्ड कॉपी भी रिटर्निंग ऑफिसर को निर्धारित समय में जमा करना अनिवार्य है। मतदाता सूची देखने के लिए एमपी इलेक्शन की वेबसाइट पर सुविधा दी गई है। इसके अलावा चुनाव मोबाइल एप पर भी जानकारी हासिल की जा सकती है।
*- पोलिंग बूथ पर मिलेंगे ग्लव्ज*
मतदाताओं को पोलिंग बूथ पर ही ग्लव्ज दिए जाएंगे। इन्हें पहनकर ही वोटिंग कर सकेंगे।