Sunday, May 19, 2024
बस्ती मण्डल

बस्ती एआरटीओ द्वारा जालसाजों के खिलाफ कार्यवाही की बजाय उन्हे दिया जा रहा है संरक्षण

बस्ती। कांग्रेस नेता महेन्द्र श्रीवास्तव के नाम पर डबल डेकर 4 स्लीपर बसें बिहार से दिल्ली तक बेखौफ चल रही हैं। विभाग के रहमोकरम पर जालसाजों के खिलाफ कार्यवाही की बजाय उन्हे संरक्षण दिया जा रहा है। सभी 4 बसों पर बस्ती में महेन्द्रा कोटक बैंक की शाखा से लोन लिया गया है। महेन्द्र श्रीवास्तव के नाम पते पर वाहन के चालान व अन्य अभिलेखों को ठीक कराने का नोटिस पहुंचा तब इस जालसाजी का खुलासा हुआ।

इसके बाद महेन्द्र श्रीवास्तव ने कोतवाली पुलिस और आरटओ को शिकायती पत्र देकर जालसाजों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की मांग किया है, लेकिन अवैध रूप से संचालित इन बसों को आरटीओ ने ब्लैकलिस्ट तक नही किया, सीज करने की बात बहुत दूर है। खबर ये भी है कि इन बसों का 100 से ज्यादा चालान है, 8 लाख राजस्व बकाया है फिर भी घूसखोर अफसरों की मिलीभगत से बिहार से दिल्ली तक बसें रोजाना फर्राटा मार रही हैं। इन बसों का नम्बर यूपी 51 एटी 7660, 7661, 6641, 7061 है। महेन्द्र श्रीवास्तव ने कहा आरटीओ महकमे के अधिकारियों तथा बसों के मालिकों ने मीडिया को भी अपने पक्ष में कर लिया है। उन्होने उच्चाधिकारियों से मामले में ठोस कार्यवाही की मांग किया है जिससे जालसाजी का खुलासा हो और अपराध करने वाले बेनकाब हों।