Sunday, May 19, 2024
बस्ती मण्डल

 हर घर तिरंगा हो, हर मन तिरंगा हो-दिपांशु विक्रम सिंह

बस्ती। आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाये जा रहे हर घर तिरंगा अभियान के तहत 13 से 15 अगस्त के बीच हर घर पर तिरंगा लहराये, इसके लिये लोगों में जागरुकता फैलाने के लिए ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि दुष्यंत विक्रम सिंह,मंडल अध्यक्ष सलटुवा रामनेवास गिरी ,सोनहा राजकुमार चौरसिया के आवाहन पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा बाइक जुलूस के साथ तिरंगा यात्रा निकाली गयी।

नगर पंचायत भानपुर उकड़ा पोखरा स्थित हनुमान मंदिर पर उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष महेश शुक्ल ने कहा कि हमारे आन, मान और शान का प्रतीक भारत का राष्ट्रध्वज तिरंगा देश के शौर्य, शांति और बलिदान का भी प्रतीक है।

एक भारत श्रेष्ठ भारत के संकल्प से जुड़ें

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर 13 अगस्त से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान से जुड़कर आज़ादी के अमृत महोत्सव में सभी भागीदारी बनें और एक भारत श्रेष्ठ भारत के संकल्प से जुड़ें। लोगों में इसी जागरूकता को पैदा करने के लिये भाजपा के कार्यकर्ता विभिन्न आयोजन कर रहे हैं।

हमारी भक्ति का प्रकटीकरण है

जिला मीडिया प्रभारी दिपांशु विक्रम सिंह ने कहा कि हर घर तिरंगा हो, हर मन तिरंगा हो यही मां भारती के प्रति हमारी भक्ति का प्रकटीकरण है। राष्ट्रहित सर्वोपरि के भाव का प्रकटीकरण है। आजादी के इस अमृत महोत्सव के अवसर पर हर घर, हर कार्यालय, हर प्रतिष्ठित संस्थान, हर स्कूल-कॉलेज में तिरंगा फहराएं और देश की शान बढ़ाएं।