Sunday, May 19, 2024
बस्ती मण्डल

51 लाख रूपया बकाया होने के कारण बंद हुुआ कटेश्वर पार्क

बस्ती। जिले के नगर प‌ालिका क्षेत्र का एकमात्र पार्क एक माह से बंद है। पालिका के अधीन संचालित कटेश्वर पार्क पर करीब तीन करोड़ खर्च किया गया था, जिससे पार्क सुंदरीकरण हो सका। इसके बाद लोगो के लिए इसे खोला गया, मगर करीब 21 माह संचालित होने के बाद इस पार्क पर एक बार फिर से ताला लटक गया है। पालिका प्रशासन की मानें तो इसे संचालित करने वाले ठेकेदार ने 21 लाख बकाया के चलते बंद कर दिया है। वर्ष 2018 में कटेश्वर पार्क को अमृत योजना में शामिल करते हुए इसके जीर्णोद्धार हुआ। यहां करीब तीन करोड़ रुपये में बच्चों के लिए ट्वाय ट्रेन, वाटर फॉउंटेन, फिस पाउंड के अलावा खूबसूरती के लिए घास, झरना व झूल आदि निर्माण कराया गया। लेकिन इसकी गुणवत्ता नहीं जांची गई। इसके बाद पालिका प्रशासन ने इस पार्क को आम जन के लिए खोल दिया और इसे ठेके पर चलाने के लिए 51 लाख रुपये में अनुबंध किया। अनुबंध के बाद यहां टिकट लगना शुरू हो गया। हर दिन औसतन एक हजार के आसपास लोग यहां मनोरंजन के लिए आते थे। कोई और पार्क न होने के कारण यहां लोगो की भीड़ लगी रहती थी। पार्क में तमाम दुकानें भी खुल गईं। लोगों को रोजगार मिल गया, मगर करीब 21 माह चलाने के बाद ठेकेदार ने इस पर ताला लटका कर चाभी पालिका को दे दी है।

नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी अखिलेश त्रिपाठी ने कटेश्वर पार्क पर ताला लगने की पुष्टि की। बोले ठेकेदार पर करीब 21 लाख रुपये बकाया है। उसने बिना किसी सूचना के बाद पार्क पर ताला लगा दिया। यह धन उससे वसूला जाएगा। यही नहीं नए सिरे से पार्क को संचालित करने की व्यवस्था बनाई जा रही है।