Friday, July 5, 2024
बस्ती मण्डल

कांग्रेस चुनाव पूर्व किया अपना वादा निभाते हुये 40 प्रतिशत से ज्यादा महिलाओं को टिकट दिया-महेन्द्र श्रीवास्तव

बस्ती। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने विधानसभा चुनाव पूर्व किया अपना वादा निभाते हुये 40 प्रतिशत से ज्यादा महिलाओं को टिकट दिया है। उनका मानना है कि ये महिलायें भारतीय राजनीति की दशा और दिशा बदलने में सक्षम होंगी, भ्रष्टाचार कम होंगे और राजनीतिक जवाबदेही बढ़ेगी। यह बातें कांग्रेस आरटीआई प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव महेन्द्र श्रीवास्तव ने कही।

उन्होने यहां मीडिया को जारी बयान में कहा कि कांग्रेस इसी तरह अपने हर वादे निभायेगी। टिकट बंटावारे में पार्टी नेतृत्व ने महिलाओं, दलितों, पिछड़ों सहित सभी वर्गों का यथोचित सम्मान दिया है। निःसंदेह उत्तर प्रदेश में राजनीतिक परिवर्तन होगा और कांग्रेस सरकार बनायेगी। कांग्रेस नेता ने आम जनता का आवाह्न किया कि वे जाति, धर्म, नफरत, झूठ और दोहरे मापदंड को ढाल बनाकर सरकार चलाने वाली भाजपा को उखाड़ फेंकने के लिये कांग्रेस को मजबूत करें।