Saturday, May 18, 2024
बस्ती मण्डल

प्रदेश में आदर्श आचार संहिता लागू होने के उपरान्त जिला निर्वाचन अधिकारी व पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रेस वार्ता हुयी आयोजित

संत कबीर नगर।जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी दिव्या मित्तल व पुलिस अधीक्षक डा0 कौस्तुभ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के सम्मानित प्रिंट/इलेक्ट्रानिक मीडिया बन्धुओं के साथ विधान सभा सामान्य निर्वाचन-2022 हेतु आदर्श आचार संहिता लागू होने के उपरान्त प्रेसवार्ता आयोजित हुई।

उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा उ0प्र0 सहित 05 राज्यों में विधान सभा सामान्य निर्वाचन 2022 की तिथियों की घोषणा के क्रम में आज से जनपद में आदर्श आचार संहिता लागू हो गयी है। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने बताया है आदर्श आचार संहिता लागू होने के उपरान्त जनपद के तीनों विधान सभाओं से पोस्टर, बैनर, होर्डिंग, वाल पेंटिंग आदि 24 घण्टे के अन्दर हटवाने के लिये सभी जिलास्तरीय अधिकारियों एवं सम्बन्धित को निर्देशित किया गया है।
उन्होंने बताया कि जनपद संत कबीर नगर की तीन विधानसभा सीटों 312-मेंहदावल, 313-खलीलाबाद एवं 314-धनघटा (सुरक्षित) के लिये 6वें चरण में मतदान हेतु दिनांक 04 फरवरी, 2022 को नामांकन हेतु नोटिफिकेशन जारी किया जायेगा। नामांकन की अन्तिम तथि 11 फरवरी 2022 को है। नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी 14 फरवरी 2022 को की जायेगी। उम्मीद्वारों द्वारा नाम वापसी 16 फरवरी 2022 तक किया जा सकता है। दिनांक 03 मार्च 2022 को तीन विधानसभा सीटों 312-मेंहदावल, 313-खलीलाबाद एवं 314-धनघटा (सुरक्षित) के लिये मतदान कराया जायेगा तथा दिनांक 10 मार्च 2022 को मतगणना की जायेगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने बताया है विधान सभा सामान्य निर्वाचन 2022 हेतु आज से आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। उन्होंने बताया कि चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी, सकुशल, शान्तिपूर्ण सम्पन्न कराने हेतु निर्वाचन आयोग के गाइडलान के अनुसार चुनाव सम्पन्न कराया जायेगा। उन्होंने बताया कि 05 जनवरी 2022 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन हो चुका है, जिनका नाम मतदाता सूची में किसी कारणवश न जुड़ पाया हो, वे सभी लोग अभी भी फार्म-6 व 7 भरकर अपना नाम बढ़वा व घटवा सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी दिव्या मित्तल व पुलिस अधीक्षक डा0 कौस्तुभ ने प्रेसवार्ता में सभी जनपदवासियों एवं पत्रकार बन्धुओं से अपील किया है कि विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 को सम्पन्न कराने में अधिकारी, कर्मचारी व पत्रकार बन्धुओं की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका होती है, जिनको मतदान कराने एवं कवरेज करने हेतु आम पब्लिक में जाना पड़ता है वह सभी लोग कोविड-19 की तीसरी लहर ओमीक्रोन को दृष्टिगत रखते हुये स्वयं मास्क लगायें और जनपदवासियों को भी मास्क लगाने हेतु प्रेरित करें, जिससे कोविड-19 की तीसरी लहर से सुरक्षित रहें और चुनाव को सकुशल सम्पन्न कराया जा सके। उन्होंने जनपदवासियों से यह भी अपील किया है कि कोविड-19 को दृष्टिगत रखते हुये कोविड-19 के गाइडलान का पालन करते हुये विधानसभा चुनाव 2022 में योगदान दें।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया है कि विधान सभा सामान्य निर्वाचन 2022 हेतु जनपद संत कबीर नगर तीनों विधान सभाओं में कुल 1297426 मतदाता हैं, जिसमें से कुल 2020 सर्विस मतदाता हैं। 312-मेंहदावल विधान सभा में पुरुष मतदाता 244228 व महिला मतदाता 212452 तथा ट्रांसजेंडर 31 कुल 456711 मतदाता हैं। 313-खलीलाबाद विधान सभा में पुरुष मतदाता 243581, महिला मतदाता 210804 एवं ट्रांसजेंडर 03 कुल मतदाता 454388 हैं। इसी प्रकार 314-धनघटा (सुरक्षित) विधानसभा में पुरुष मतदाता 207037, महिला मतदाता 179273 तथा ट्रांसजेंडर 17 मतदाता कुल मतदाता 386327 हैं। इसी प्रकार जनपद में कुल पुरुष मतदाता 694846, महिला मतदाता 602529 तथा ट्रांसजेंडर 51 मतदाता अपने मतों का प्रयोग करेंगे। उन्होंने बताया कि 18-19 वर्ष के कुल 15485 मतदाता, 80 वर्ष से ऊपर के कुल 16042 मतदाता हैं।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह, सूचनाधिकारी सुरेश कुमार सरोज, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी ओम प्रकाश सम्मानित प्रिंट एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया बंधु आदि उपस्थित रहे।