Breaking News

देर रात भदेश्वरनाथ मंदिर पहुंचीं डीएम-एसपी, कांवड़ियों पर बरसे फूल; ‘हर-हर महादेव’ से गूंजा मंदिर परिसर

बस्ती। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा को लेकर सोमवार देर रात भक्ति और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला। रात करीब 12 बजे जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना और पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह भदेश्वरनाथ मंदिर पहुंचे। वरिष्ठ अधिकारियों ने मंदिर परिसर में पहुंचकर बाबा भदेश्वरनाथ के दर्शन किए और कांवड़ लेकर पहुंच रहे शिवभक्तों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। अधिकारियों के हाथों से पुष्पवर्षा होते ही कांवड़ियों का उत्साह देखते ही बना।
देर रात तक अयोध्या धाम से पवित्र सरयू जल लेकर बाबा भदेश्वरनाथ धाम की ओर बढ़ रहे कांवड़ियों का मंदिर पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। मंदिर परिसर में चारों ओर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष गूंजते रहे। इसी बीच जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को अचानक अपने बीच पाकर कांवड़ियों में भी खासा उत्साह दिखाई दिया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
डीएम और एसपी ने मंदिर परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं का मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने कांवड़ियों के सुगम आवागमन, भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग, यातायात व्यवस्था तथा सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी ली। मौके पर तैनात अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया गया कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और भीड़ के दौरान व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रित एवं सुचारु बनी रहे।
जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए संबंधित विभागों के अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं।
वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
देर रात तक डीएम और एसपी की मौजूदगी तथा कांवड़ियों पर हुई पुष्पवर्षा ने भदेश्वरनाथ मंदिर परिसर के माहौल को भक्ति, आस्था और उत्साह से भर दिया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, उप जिलाधिकारी राजेश यादव सहित ड्यूटी में लगे अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Check Also

उद्घाटन से पहले ही दरका ‘लौह पुरुष’ स्मृति द्वार! कार्यकाल के अंतिम दिन फिर विवादों में जिला पंचायत अध्यक्ष

बस्ती। विवादों से लगातार सुर्खियों में रहने वाले जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी एक बार …