Sunday, May 19, 2024
बस्ती मण्डल

यज्ञ पूर्वज ऋषियों की परंपरा है इसे अपनाना गर्व का विषय है-नरेन्द्र यादव

बस्ती। पिछले पचीस दिनों से कोरोना महामारी के विरूद्ध आर्य समाज द्वारा चलाये जा रहे यज्ञ अभियान के अंतर्गत रेलवे कॉलोनी स्थित शिव मंदिर पर यज्ञ का आयोजन किया गया। उपस्थित लोगों ने यज्ञ से प्रभावित होकर मासिक यज्ञ करने का संकल्प किया। इस अवसर पर मुख्य यजमान नरेन्द्र यादव प्रभारी निरीक्षक रेलवे पुलिस फोर्स ने कहा कि यज्ञ हमारे पूर्वज ऋषियों की निर्विवाद व निर्विरोध परंपरा है इसे अपनाने में हमे गर्व की अनुभूति होती है। इससे बिना भेदभाव के सम्पूर्ण मानवजाति का कल्याण होता है। यज्ञाचार्य देवव्रत आर्य व गरुणध्वज पाण्डेय ने बताया कि यज्ञोपवीत यज्ञ का पोशाक है इसे धारण करने से हमें अपने दायित्वों का स्वाभाविक रूप से बोध होता रहता है। बताया कि यज्ञ में रोगनाशक, पर्यावरण शोधक, बलवर्द्धक और पुष्टिकारक औषधियाँ मिलाई जाती हैं जिसका अनुकूल प्रभाव वातावरण व शरीर पर पड़ता है। यज्ञ के अंत में गरुण ध्वज पाण्डेय द्वारा मुख्य यजमान नरेन्द्र यादव को *व्यवहार भानु* पुस्तक देकर स्वाध्याय की प्रेरणा दी गई। मुख्य अयोजक ओम प्रकाश आर्य ने कहा कि विश्व योग दिवस पर जिले भर में योग का आयोजन यज्ञ के साथ होगा जिसमें पतंजलि योग समिति, भारत स्वाभिमान, युवा भारत, महिला पतंजलि योग समिति व किसान सेवा समिति के मुख्य योग शिक्षक हिस्सा लेंगे। इस अवसर पर राधेश्याम आर्य, हितेश चंद्र पाण्डेय, कृष्णमोहन पाठक, शेरबहादुर प्रजापति, कमलेश कुमार चौबे, रविन्द्र सिंह सहित अनेक लोगों ने आहुतियाँ देकर रोगमुक्ति व विश्वशान्ति की प्रार्थना की।