Sunday, July 7, 2024
बस्ती मण्डल

शहर में बिछ रही है गैस की पाइप लाइन

बस्ती। शहर वासियों के लिए यह अच्छी खबर है, क्योंकि नगर पालिका क्षेत्र में गैस की पाइप लाइन बिछ रही है। संभावना है कि सितंबर अंत तक घर-घर आपूर्ति शुरू हो जाए। नगर पालिका ने इस कार्य के लिए टोरेंट गैस कपनी के प्रोजेक्ट रिपोर्ट पर अनापत्ति प्रमाण पत्र दे दिया है। गैस कंपनी की ओर से काम भी युद्घ स्तर पर किया जा रहा है।

नगर पालिका क्षेत्र के आवास विकास से पाइप लाइन गैस आपूर्ति की शुरुआत होगी। पाइप लाइन बिछने के बाद शहरवासियों को गैस बुकिंग, रसोई गैस खत्म होने की चिंता से निजात मिल जाएगी। कंपनी ने पूरे शहर का सर्वे कर आधारभूत जरूरतों का खाका तैयार कर लिया है।

डीएसओ रमन मिश्र के अनुसार, जिले में चार लाख 53 हजार 122 रसोई गैस के उपभोक्ता हैं। भूमिगत गैस पाइप लाइन बिछ जाने से लोगों को गैस सिलेंडर की बुकिंग व खत्म होने की चिंता से निजात मिलेगी। इसके साथ ही रसोई गैस के परिवहन में वाहनों की आवश्यकता खत्म होने से प्रदूषण भी घटेगा। गैस का मूल्य भी कुछ हद तक सिलिंडर के मूल्य से कम होगा। घर-घर मीटर भी लगाया जाएगा। गैस सिलिंडर में लीकेज होने से अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इससे जानमाल का भी नुकसान होता है। पाइप लाइन बिछ जाने से इस तरह की घटनाओं में कमी आएगा।

नगर पालिका परिषद के ईओ ने कहा – पालिका क्षेत्र में बिछ रही गैस पाइप लाइन को लेकर ईओ नगर पालिका परिषद अखिलेश त्रिपाठी बताते हैं कि टोरेंट कंपनी की ओर से भूमिगत गैस पाइप लाइन बिछाने के लिए प्रोजेक्ट रिपोर्ट पेश की गई थी। अध्ययन करने के बाद एनओसी जारी कर दी गई है।