Saturday, May 18, 2024
बस्ती मण्डल

जीव और ईश्वर का मिलन है रूक्मिणी और कन्हैया का विवाह

बस्ती । जो ईश्वर से मिलना चाहता है उसे अपना जीवन सादा रखना चाहिये। राजकन्या होते हुये भी रूक्मिणी पार्वती जी के दर्शन के लिये पैदल ही गयी। रूक्मिणी और कन्हैया का विवाह जीव और ईश्वर का मिलन है। यह सद् विचार कथा व्यास उत्कर्ष पाण्डेय ने महसो पश्चिम टोला में चल रहे श्रीमद् भागवत कथा में भगवान कृष्ण महिमा का गान करते हुये व्यक्त किया।
महात्मा जी ने कहा कि परमात्मा को बश में करने का सर्वोत्तम साधन है प्रेम। कन्हैया ने कभी जूते नहीं पहने, गायों की जैसी सेवा उन्होने किया शायद ही कोई कर सके। गाय में सभी देवों का वास है, गाय सेवा से अपमृत्यु टल सकती है। बासुरी का महत्व बताते हुये महात्मा जी ने कहा कि बांसुरी अपने स्वामी के इच्छानुसार ही बोलती है। इसलिये भगवान की जो इच्छा हो वही बोलना चाहिये।
विविध प्रसंगो के क्रम में महात्मा जी ने कहा कि ईश्वर के लिये जो जीता है वही सन्यासी है। गोपियां ईश्वर के लिये जीती थी इसलिये उन्हें प्रेम सन्यासिनी कहा गया। प्रभु प्रेम में हृदय का द्रवित होना ही तो मुक्ति है। कृष्ण कथा और बासुरी का श्रवण करते समय चाहें आंखे खुली ही क्यों न हो समाधि लग जाती है। कृष्ण कथा में प्राणायाम करने की कोई आवश्यकता नही है यह जगत को भुला देती है। मिठास प्रेम में होती है, बस्तु में नहीं। स्वाद गोपियों के माखन में नहीं प्रेम में था। यशोदा के हृदय में बसा हुआ कन्हैया जागा है किन्तु हमारे हृदय का कन्हैया सोया हुआ है। जब तक परमात्मा को प्रेम से न बाधा जाय संसार का बन्धन बना रहता है। ईश्वर को फल दोगे तो वे तुम्हें रत्न देंगें। पाप के जाल से छूटना आसान नही है, जब तक पुण्य का बल बढता नही पाप की आदत नहीं छूटती।
कथा क्रम में भक्त प्रहलाद, कुन्ती की भक्ति और भीष्म का प्रेम, राधा के त्याग, गोकुल भूमि की महिमा और ग्वाल बाल गोपिकाओं का श्री कृष्ण के प्रति समर्पण, महारास के आध्यात्मिक विन्दुओं का वर्णन करते हुये महात्मा जी ने कहा कि संसार में कुन्ती जैसा बरदान किसी ने नहीं मांगा । कुन्ती ने कन्हैया से दुःख मांगा जिससे उनका कन्हैया उनसे दूर न जाय। आजकल तो लोग भगवान से केवल सुख मांगते हैं किन्तु बिना दुख के साधना पूर्ण ही नही हो सकती। परमात्मा की चाह में विरह ही तो भक्ति की प्रतिष्ठा है।
मुख्य रूप से ओम प्रकाश क्रान्तिकारी, हनुमान निषाद, सन्तोष कुमार पाण्डेय उर्फ कल्लू बाबा, छबिलाल, दशरथ चौधरी, शान्ती देवी, राजन निषाद, पूनम निषाद, विजय लक्ष्मी निषाद, श्रीकान्ती निषाद, लक्ष्मी, ऊषा, तारा, सावित्री के साथ ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्रोता शामिल रहे।