Sunday, May 19, 2024
राजनैतिक

डिप्टी सीएम दुष्यंत के प्रति बढ़ा किसानों का आक्रोश, सिरसा निवास का किया घेराव

सिरसा | इन्दु/नवीन बंसल (राजनीतिक संपादक) हरियाणा के कुरुक्षेत्र में वीरवार को हुई किसान रैली के दौरान किसानों पर हुए लाठीचार्ज के बाद से किसानों का आक्रोश सरकार के प्रति बढ़ता जा रहा है। यह आक्रोश प्रदेश के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के प्रति भी देखने को मिला है।
किसानों ने सिरसा स्थित दुष्यंत चौटाला के निवास का घेराव किया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में किसान दुष्यंत के निवास पर पहुंच गए, जिन्हें रोकने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।

बता दें कि किसान केन्द्र सरकार के तीन अध्यादेशों के खिलाफ हैं, उनकी मांग है सरकार इन अध्यादेशों को तुरंत वापिस ले। इसी मांग को लेकर हरियाणा के हजारों किसानों, आढ़तियों व मजदूरों ने कुरुक्षेत्र के पीपली में भारतीय किसान यूनियन द्वारा आयोजित रैली में हिस्सा लिया। जिसका नेतृत्व किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने की। रैली के दौरान चढूनी ने सरकार को अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि अगला आंदोलन इससे भी बड़ा होगा।
गौरतलब है कि बीते दिन हुई रैली के दौरान प्रशासन व किसानों के बीच हुई जोर आजमाईश में कई किसानों को चोट आई और कईयों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं कई पुलिसकर्मी भी इस रैली में चोटिल हुए हैं। किसानों की जिद के चलते प्रशासन को हार माननी पड़ी और बाद में पीपली अनाज मंडी में रैली करने की इजाजत दे दी गई थी।