Friday, June 28, 2024
बस्ती मण्डल

किसान महापंचायत की तैयारियां जोरों परः भाकियू पदाधिकारियों ने झोंकी ताकत

बस्ती। आगामी 25 फरवरी को मुण्डेरवा में आयोजित किसान महापंचायत की तैयारियां जोरों पर हैं। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत के साथ ही अनेक राष्ट्रीय पदाधिकारी महापंचायत में हिस्सा लेंगे।

भाकियू मण्डल उपाध्यक्ष एवं सहकारी गन्ना समिति मुण्डेरवा के निवर्तमान अध्यक्ष दिवान चन्द पटेल ने बताया कि किसान महापंचायत को लेकर किसानों में विशेष उत्साह है। पूर्वान्चल के अनेक जनपदों में किसान पंचायत कर किसानों को जागरूक किया जा रहा है।
बताया कि बस्ती मण्डल के संतकबीर नगर, सिद्धार्थनगर, बस्ती में अनेक स्थानों पर तैयारी बैठके जारी है। बैठकों में बड़ी संख्या में किसान एकत्र हो रहे हैं। किसान एक स्वर से मांग कर रहे हैं कि तीनों कृषि कानूनों को वापस लेकर न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कानून बनाया जाय। गन्ना मूल्य का बकाया भुगतान व्याज समेत भुगतान कराकर डीजल,पेट्रोल के बढ़ती कीमतों पर अंकुश लगाया जाय।
भाकियू मण्डल उपाध्यक्ष दिवान चन्द पटेल ने बताया कि भाकियू मण्डल अध्यक्ष सुभाष चन्द्र किसान, मण्डल संरक्षक अनूप चौधरी, जिलाध्यक्ष जयराम चौधरी, संतकबीर नगर अध्यक्ष जर्नादन मिश्रा, सिद्धार्थ नगर जिलाध्यक्ष प्रदीप चन्द्र पाण्डेय, इश्तियाक अहमद, महेन्द्र चौधरी के साथ ही भाकियू के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता गांव- गांव जाकर किसान महापंचायत की सफलता के लिये सम्पर्क और जागरूकता बैठक कर रहे हैं। दावा किया कि किसान महापंचायत ऐतिहासिक होगा और पूर्वान्चल से बड़ी संख्या में किसान, मजदूर हिस्सा लेंगे।