Saturday, May 18, 2024
बस्ती मण्डल

कृषि कानूनों का शुरू से ही विरोध कर रहे हैं, कानून वापस होने तक यह विरोध जारी रहेगा-डॉ मसूद अहमद

बस्तीः राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व शिक्षा मंत्री डा. मसूद अहमद ने कहा कि तीन महीने से प्रधानमंत्री मोदी किसानों से लड़ रहे हैं। उनका कहना है कि किसान तीन कृषि कानूनों को समझ नही पा रहे हैं, और किसानों का कहना है हम समझ गये हैं इसलिये सारा काम छोड़कर धरने पर हैं। रालोद नेता प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

डा. मसूद ने कहा चोर दरवाजे से तीन काले कानूनों को सरकार ने पास करवा लिया। महज 72 घण्टों में बगैर कोई बहंस कराये सरकार ने अध्यादेश को कानूनी जामा पहना दिया, दम होता तो सरकार विधि सम्मत तरीकों से डंके की चोट पर कानून लाती। केन्द्र व प्रदेश की सरकार जनता पर बोझ बन चुकी है, जुल्म और ज्यादती की सारी सीमायें सरकार लांघ चुकी है। विपक्ष, आम जनता यहां तक की लोकतंत्र के चौथे स्तम्भ की आवाज मोदी सरकार दबा चुकी है। ऐसा लगता है कि लोकतंत्र के खात्मे तक सरकार का ये रवैया जारी रहेगा। रालोद नेता ने प्रेस वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री मोदी को निशाने पर निशाने पर रखा। कहा प्रधानमंत्री के साथ पढ़ने वाला, उन्हे पढ़ाने वाला और उनकी चाय की दुकान पर चाय पीने वाला एक भी आदमी नही मिला, अब तो उनकी पढ़ाई लिखाई पर भी शक होने लगा है।

डा. मसूद ने कहा भाजपा जन्म से पूंजीपतियों की हितैसी रही है। इसे शहर की पार्टी भी कहा जाता है, क्योंकि सेठ ज्यादातर शहरों में रहते हैं। उन्होने कहा रालोद किसानों की आवाज है। पार्टी के नेता जयंत चौधरी कृषि कानूनों का शुरू से ही विरोध कर रहे हैं, कानून वापस होने तक यह विरोध जारी रहेगा। इसी सिलसिले में अब तक 18 महा पंचायतें हो चुकी हैं। 23 फरवरी को बस्ती के रूधौली में किसान महा पंचायत का आयोजन किया गया है। रालोद नेता ने कहा पंचायत में कृषि कानूनों सहित स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जायेगां उन्होने कहा महगाई, बेरोजगारी, डर, भ्रष्टाचार के वातावरण में महोत्सव का आयोजन करके जनप्रतिनिधि क्या संदेश देना चाह रहे हैं समझ से परे है।

भाजपा हमेशा कहती कुछ और करती कुछ है। इसी तरह बस्ती महोत्सव का आयोजन कर कार्यकर्ता सम्मेलन किया जा रहा है। वीआईपी के आगमन के नाम पर आम जनता को परेशान किया जा रहा है। अंत में उन्होने किसान महा पंचायत को सफल बनाने की अपील किया। पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजा एश्वर्यराज सिंह ने कहा राष्ट्रीय लोकदल पूर्व प्रधानमंत्री चौ. चरण सिंह के विचारों पर चलती है, किसान हमेशा उनके केन्द्र में थे ओर रहेंगे। उन्होने कहा नतीजा कुछ भी हो किसानों की आवाज दबाने में मोदी और योगी सरकार कभी भी कामयाब नही होगी। उन्होने किसान पंचायत में अधिक से अधिक संख्या में पहुचने की अपील किया। आम प्रकाश चौधरी, राय अंकुरम श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।