बस्ती। कटरा स्थित लिटिल फ्लावर कॉन्वेंट स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास, श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर कृष्णमय हो उठा। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा में शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह, निदेशक राहुल सिंह एवं प्रधानाचार्या श्रीमती अपर्णा सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। दीप प्रज्वलन के साथ ही वातावरण भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों की राधा-कृष्ण नृत्य प्रस्तुति से हुई। सुंदर वेशभूषा, भाव-भंगिमाओं और आकर्षक नृत्य ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इसके बाद विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित कृष्ण लीला का प्रभावशाली मंचन किया। बच्चों ने श्रीकृष्ण के जन्म से लेकर उनके जीवन के विभिन्न प्रसंगों को अभिनय के माध्यम से प्रस्तुत किया। साथ ही उनके आदर्शों, कर्म और श्रीमद्भगवद्गीता के संदेश को सरल एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर सभी को प्रेरित किया।
समारोह के दौरान विद्यालय के प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास को निखारने के साथ उन्हें भारतीय संस्कृति से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत और लगन से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्या अपर्णा सिंह ने बच्चों को अच्छे संस्कार अपनाने और मन लगाकर पढ़ाई करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार और कर्तव्यनिष्ठा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं। जन्माष्टमी समारोह ने विद्यार्थियों को श्रीकृष्ण के जीवन एवं आदर्शों से प्रेरणा लेने का अवसर प्रदान किया।
BNT LIVE www.bntlive.com