Breaking News

खोरिया ग्राम पंचायत में रात्रि चौपाल का आयोजन, अधिकारियों ने सुनी जनसमस्याएं और दिए समाधान के निर्देश

बनकटी बस्ती।(वकील अहमद सिद्दीकी) बनकटी ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत खोरिया में शनिवार की रात रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में ग्रामीणों की समस्याओं को सीधे सुनने और उनके त्वरित समाधान के उद्देश्य से प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, महादेवा विधायक दूधराम, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि ई0 अरविन्द पाल, खंड विकास अधिकारी भवानी प्रसाद शुक्ल, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं उपाध्यक्ष अश्विनी उपाध्याय, जिपसा सुरेंद्र तिवारी तथा ग्राम सचिव मदन गोपाल पांडेय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, आवास, शौचालय, राशन, बिजली और जल निकासी जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। सीडीओ सार्थक अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
महादेवा विधायक दूधराम ने कहा कि रात्रि चौपाल का उद्देश्य ही यही है कि गांव के लोगों की समस्याएं गांव में ही सुनी जाएं और उनका समाधान मौके पर किया जाए। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और हर जरूरतमंद को उसका हक मिलेगा। खंड विकास अधिकारी भवानी प्रसाद शुक्ल ने ग्राम स्तर पर चल रही योजनाओं की जानकारी दी और बताया कि पंचायत में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे योजनाओं के क्रियान्वयन में सहयोग करें और किसी भी गड़बड़ी की सूचना तुरंत दें। चौपाल के अंत में कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और उन्होंने प्रशासन की इस पहल की सराहना की।

Check Also

“मेधावियों की सफलता से गूंज उठा विद्यालय परिसर” प्रबंध निदेशक शिखा चतुर्वेदी ने किया सफल छात्रों को पुरस्कृत

बस्ती। राजन इंटरनेशनल एकेडमी में वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान …