बनकटी बस्ती ( वकील अहमद सिद्दीकी ) विकास खंड बनकटी में शनिवार को क्षेत्र पंचायत की महत्वपूर्ण बैठक ब्लॉक सभागार में आयोजित की गई। बैठक ब्लॉक प्रमुख मेवाती देवी की सहमति से प्रमुख प्रतिनिधि रामायण रघुनाथ सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा के साथ आगामी वित्तीय वर्ष की प्राथमिकताओं पर गंभीर मंथन किया गया। बैठक का मुख्य आकर्षण महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत वर्ष 2026-27 के लिए 31 करोड़ 83 लाख रुपये के लेबर बजट का सर्वसम्मति से पारित होना रहा। इस बजट के माध्यम से क्षेत्र में अधिक से अधिक श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने, पलायन रोकने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि योजनाओं का पारदर्शी और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM), प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) तथा मुख्यमंत्री आवास योजना जैसी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध और निष्पक्ष तरीके से पहुंचाया जाए। अध्यक्षता कर रहे प्रमुख प्रतिनिधि रामायण रघुनाथ सिंह ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए योजनाओं का धरातल पर सही क्रियान्वयन बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की। वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता ई0अरविन्द पाल ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप गांव-गांव तक विकास की किरण पहुंचाना प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में खंड विकास अधिकारी भवानी प्रसाद शुक्ल ने विभागवार प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि सभी योजनाओं को तेजी से लागू किया जा रहा है और श्रमिकों को अधिकतम रोजगार देने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य सुरेन्द्र कुमार तिवारी, सत्यनारायण शुक्ल, जगदीश प्रसाद शुक्ल, रवि चंद्र पाण्डेय, ओमप्रकाश शुक्ल, मनमोहन तिवारी, अरुण कुमार पाण्डेय, बैजनाथ शर्मा, डॉ. राजेश कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और गति लाने पर जोर दिया।
बैठक में रमेश अग्रहरी, सुनील कुमार कन्नौजिया, अंकित पाण्डेय, बृजेश चौधरी, सुजीत सिंह, रविन्द्र सिंह, राम कलेश कन्नौजिया,राजेन्द्र चौधरी, राम किशुन चौधरी, मो. अली, मो. समीम सहित सभी ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में सभी ने एक स्वर में संकल्प लिया कि क्षेत्र के विकास, रोजगार सृजन और जनकल्याणकारी योजनाओं को गति देने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
BNT LIVE www.bntlive.com