Wednesday, July 3, 2024
बस्ती मण्डल

रिकार्ड तोड़ ठंढक से जनजीवन परेशान

बस्ती।रिकार्ड तोड़ ठंड से शनिवार को आम जनजीवन परेशान रहा। पांच डिग्री सेल्सियस तापमान में घर के भीतर कंपकंपी का अहसास लोग करते रहे। दोपहर में धूप हुई, लेकिन बादलों के कारण उसका असर न के बराबर रहा।

घर के भीतर गृहिणियों को रोजमर्रा के काम निपटाने में दिक्कत हुई। खासकर बर्तन और कपड़े धोते समय हाथ सुन्न हो गए। दफ्तरों में भी उपस्थिति प्रभावित रही। पटरी दुकानदारों को भीषण ठंड में परेशानी उठानी पड़ी। मौसम विज्ञानियों ने अनुमान लगाया है कि रविवार को हल्की बदली छाई रह सकती है। एक डिग्री सेल्सियस तापमान बढ़ सकता है। हालांकि, गलन से राहत के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग के मुताबिक मैदानी क्षेत्र में ठंड जो सितम ढा रही है, उसकी मुख्य वजह पहाड़ों पर भारी बर्फबारी है। पहाड़ों पर जितनी बर्फबारी होगी, मैदानों में उतनी ही ठंड बढ़ेगी। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के मौसम विज्ञानी डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि एक हफ्ते तक गलन से राहत के आसार कम हैं। पछुआ हवा की गति कम हुई है, जिससे एक डिग्री पारा ऊपर चढ़ सकता है।