Wednesday, June 12, 2024
बस्ती मण्डल

वन रैंक वन पेंशन का वादा करने के बाद सरकार ने इसे पूरा नही किया-अंकुर वर्मा

बस्ती। कटेश्वर पार्क स्थित कांग्रेस पार्टी के दफ्तर पर 16 दिसम्बर 1971 के युद्ध में पाकिस्तान पर भारत की जीत के उपलक्ष्य में विजय दिवस मनाया गया। इस अवसर पर 1971 में भारत पाकिस्तान युद्ध में हिस्सा लेने वाले सेवानिवृत्त सैनिकों को अंग वस्त्र व फूलों की माला भेंट कर उन्हे सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि इस युद्ध के अंत के बाद 93,000 पाकिस्तानी सैनिकों ने आत्मसमर्पण कर दिया था। विश्व के इतिहास में आज तक ऐसा नही हुआ।

साल 1971 के युद्ध में भारत ने पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी थी, जिसके बाद पूर्वी पाकिस्तान आजाद हो गया, जो आज बांग्लादेश के नाम से जाना जाता है। कर्नल एके सिंह व नायक सहदेव सिंह ने युद्ध की यादों और अनुभवों को साझा किया। कहा भारत ने पाकिस्तान की हर कूटनीति का माकूल जवाब दिया था। तत्कालीन प्रधानमंत्री इन्दिरा गांधी के अदम्य साहस और सैनिकों के मनोबल का नतीजा था कि पाकिस्तानी सैनिक आत्मसमर्पण को मजबूर हो गये थे। सूबेदार केदार सिंह और नायक रमेश सिंह ने कहा युद्ध को महज याद कर लेने से साहस कई गुना बढ़ जाता है। एक एक भारतीय सैनिक देश पर मिटने को तैयार था। उन्होने कहा युद्ध हथियारों से कम हौसलों से ज्यादा लड़े जाते हैं, और भारत इन दोनो मामलों में समृद्ध रहा। कार्यक्रम का संचालन जिला प्रवक्ता मो. रफीक खां ने किया।

जिलाध्यक्ष अंकुर वर्मा ने कहा कि वन रैंक वन पेंशन का वादा करने के बाद सरकार ने इसे पूरा नही किया। सैनिकों की इस मांग के समर्थन में कांग्रेस पार्टी पूरे जिले में हस्ताक्षर अभियान चलाकर केन्द्र सरकार का ध्यान खीचने का प्रयास करेगी। इस अवसर पर सैनिक रामनेवास तिवारी, पूर्व विधायक अंबिका सिंह, अनिरूद्ध त्रिपाठी, प्रेमशंकर द्विवेदी, रामभवन शुक्ला, ज्ञानेन्द्र पाण्डेय, गौरीशंकर कनौजिया, गायत्री गुप्ता, अयाज अहमद, ज्ञान प्रकाश पाण्डेय, अलीम अख्तर, सोमनाथ पाण्डेय, संतोष सोनकर, संदीप सिंह, लालजीत पहलवान, पंकज द्विवेदी, शकुन्तला देवी, रामकृष्ण दूबे, पवन वर्मा, राहुल चौधरी, रविन्द्र सिंह राजन, अमित कुमार, अजय कुमार सिंह, लवकुश गुप्ता सहित तमाम कांग्रेसी उपस्थित थे।