Friday, July 5, 2024
बस्ती मण्डल

संवाद कार्यक्रम के माध्यम से गावों से जुड़ रही कांग्रेस

बस्ती, 04 फरवरी। कांग्रेस पार्टी के द्वारा विकास क्षेत्रों में कार्यशाला/संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में साऊंघाट ब्लाक के बेवतहरा गांव में कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये जिलाध्यक्ष ज्ञानेन्द्र पाण्डेय ‘ज्ञानू’ ने कहा कि सरकार हर तरीके से जनता का शोषण कर रही है। रोजगार मांग रहे युवा लाठियों से पीटे जा रहे हैं। ईडी, सीबीआई जैसी संस्थाओं का दुरूपयोग कर विपक्ष के नेताओं की छबि बेवजह खराब की जा रही है।

बेराजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार व तरह तरह की अनहोनी से परेशानी जनता को न्याय मिला भी मुश्किल हो गया है। संविधान पर भी खतरा मड़रा है, ऐसे में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा की अहमियत समझी जा सकती है। उन्होने खाद की बोरियों का वजन घटाने पर सरकार को आड़े हाथों लिया और कहा जहां से भी जनता का शोषण किया जा सकता है और पूंजीपतियों को फायदा पहुचांया जा सकता है वहा मोदी सरकार से कोई चूक नही हो रही है। 2024 का लोकसभा चुनाव यह तय करेगा कि देश में तानाशाही रहेगी या लोकतंत्र।

डुमरियागंज लोकसभा के कोआर्डिनेटर देवेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने कहा जनता नही जागी तो आगामी लोकसभा चुनाव आखिरी हो सकता है। धीरे धीरे लोकतंत्र को खत्म किया जा रहा है। देश में राजनीति की दो धुरी बन चुकी है। एक का मुखिया समस्याओं से मुंह चुराता है, झूठे वादे करता है और बात बात में गारण्टी लेकर इस शब्द की गरिमा घटा रहा है और दूसरा देश की हर छोटी बड़ी समस्या पर खुलकर बात करने को तैयार है, जनता से सीधा संवाद कर रहा है और डटकर खड़ा है कि इस देश का लोकतंत्र नही खत्म होने देंगे चाहे जो कुरबानी देनी पड़े। कार्यक्रम में शौकत अली नन्हू, रामसुभावन, हारून, जमाल, रामजतन, अलीम अख्तर, गुड्डू सोनकर, फिरोज अहमद तथा सींव त्रिपाठी समेत क्षेत्र के सैकड़ों लोग मौजूद रहे।