Wednesday, June 26, 2024
हेल्थ

फाइलेरिया मरीज की पहचान के लिए हर ब्लॉक से लिया जाएगा ब्लड सैम्पल

नाइट ब्लड सर्वे-

बस्ती। नाइट ब्लड सर्वे अभियान शहरी क्षेत्र के साथ ही सभी ब्लॉक में चलेगा। कुल नौ हजार लोगों के खून की सैम्पलिंग होगी। जांच में जो मरीज सामने आएंगे उन्हें पंजीकृत कर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ा जाएगा। प्रभावित परिवारों को फाइलेरिया से बचाव के बारे में भी बताया जाएगा। प्री एमडीए के तहत नाइट ब्लड सर्वे कराने की कार्यक्रम है। इससे सम्बंधित एएनएमटीसी में नाइट ब्लड सर्वे कार्य में लगे कर्मियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम मंगलवार शाम आयोजित हुआ।
डीएमओ आइए अंसारी ने बताया कि इससे पूर्व चुनिंदा ब्लॉक व शहर के मोहल्ले को ही लिया जाता रहा है। इस बार सभी 14 ब्लॉक व नगरीय क्षेत्र में नाइट ब्लड सर्वे अभियान चलेगा। हर ब्लॉक व शहर में एक जगह रैंडम व एक सेंटीनल (जहां पूर्व में केस निकल चुके हैं) चिन्हित की गई है। हर साइट से 300 सैम्पलिंग होगी।
उन्होंने बताया कि फाइलेरिया रोग की रोकथाम के लिए हर साल एमडीए अभियान संचालित होता है। स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को फाइलेरिया से बचाव की दवा खिलाते हैं। प्री एमडीए के तहत नाइट ब्लड सर्वे अभियान चलाया जा रहा है।
पाथ संस्था की जिला कोआर्डिनेटर डॉ. सुचेता ने बताया कि अभियान रात आठ बजे से 12 बजे तक चलाना है। एक दिन पूर्व गांव में जाकर आशा कार्यकर्ता की मदद से लोगों को जागरूक करें। 25 जुलाई तक सर्वे कार्य कराया जाना है।
एलटी मनीष सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण में उन्हें बताया गया है कि ब्लड सैम्पलिंग के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि उंगली को दबाकर ब्लड न निकाला जाए। उंगली से टपकने वाले ब्लड को ही स्लाइड पर लिया जाए। 20 साल व उससे अधिक उम्र वालों की सैम्पलिंग होनी है।

पिछले वर्ष मिले थे 20 मरीज
पिछले वर्ष प्री एमडीए के तहत चलाए गए नाइट ब्लड सर्वे अभियान में कुल 20 नये फाइलेरिया के मरीज मिले थे। अभियान में कुल 4021 लोगों के खून का सैम्पल लेकर उसकी जांच कराई गई थी।