Friday, July 5, 2024
बस्ती मण्डल

पूरे धूमधाम के साथ सपा कार्यालय पर मनाया गया सपा मुखिया अखिलेश यादव का 50 वा जन्मदिन

संतकबीरनगर:- जिले में आज समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का 50 वा जन्मदिन बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. जिले में सपाइयों ने जिलाध्यक्ष अब्दुल कलाम की अध्यक्षता और कद्दावर नेता पूर्व विधायक जय चौबे और पूर्व प्रत्याशी जयराम पांडेय समेत तमाम दिग्गज नेताओं की उपस्थिति में पार्टी कार्यालय पर अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का जन्मदिन लोककल्याण दिवस के रूप में मनाया।पार्टी कार्यालय खलीलाबाद में आयोजित पार्टी सुप्रीमो अखिलेश यादव के जन्मदिन कार्यक्रम का संचालन निवर्तमान जिला महासचिव नित्यानंद यादव ने किया। इस अवसर पर सभी ने मिलकर केक काटा और एक दूसरे को जन्मदिन का केक खिलाते हुए पार्टी को और अधिक मजबूत करने का संकल्प लिया। इस दौरान अखिलेश यादव जिंदाबाद के नारे भी जमकर लगे। कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी के कार्यकाल में किए गये विकास कार्यों एवं उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए वक्ताओं ने वर्तमान सरकार के भ्रष्ट नीतियों पर जमकर हल्ला बोला। पूर्व विधायक जय चौबे ने कहा कि समाजवादी पार्टी भारतीय संविधान में सच्ची निष्ठा रखती है। वर्तमान सरकार द्वारा बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर द्वारा बनाये गये संविधान की खुली अवहेलना कर रही है, तथा जनतांत्रिक मूल्यों का हनन करते हुए दंडात्मक रवैया अपना रही है। वहीं निवर्तमान जिला महासचिव नित्यानंद यादव ने कहा कि आज महंगाई चरम सीमा पर है लोग अपने परिवार को खास तौर पर महिलाएँ अपने घर को चलाने में असमर्थ महसूस कर रही है। चारों तरफ लूट का माहौल बना हुआ है, जिससे आम नागरिक त्रस्त है। पूर्व प्रत्याशी जयराम पांडेय ने कहा कि भाजपा की सरकार द्वारा आम जनता को ठगा जा रहा है। दिन प्रति दिन बेरोजगारी बढ़ती जा रही है कानून व्यवस्था ध्वस्त है। वहीं जिलाध्यक्ष अब्दुल कलाम ने कहा कि प्रमुख रूप से समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के जन्मदिन के अवसर पर ये संकल्प लिया गया है कि हम सभी मिलकर भाजपा की समाज में नफरत फैलाने वाली राजनीति एवं उसकी गलत नीतियों से मुक्त करने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि महात्मा गाँधी, डॉ राम मनोहर लोहिया और बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर के बताए गए रास्तों पर चल कर आने वाले 2024 के लोकसभा चुनाव में किसी भी परिस्थिति में वर्तमान सरकार को उखाड़ फेंकने का कार्य करेंगे।