Wednesday, July 3, 2024
बस्ती मण्डल

राजा होते हुए भी दलित और शोषित वर्ग को छत्रपति साहू ने सम्मान दिया- डा. वी.के. वर्मा

बस्ती 26 जून । प्रजातंत्र की मूल भावना की स्थापना के लिये आजीवन संघर्ष करने वाले छत्रपति साहू जी महाराज को उनकी 149 वीं जयन्ती पर याद किया गया। कुर्मी महासभा और सरदार पटेल स्मारक संस्थान कुर्मी बोर्डिग के संयुक्त तत्वाधान में ओम प्रकाश चौधरी की अध्यक्षता में संस्थान के सभागार में उनकी प्रतिमा पर मार्ल्यापण कर योगदान पर विमर्श किया गया।
संस्थान के महासचिव एवं कुर्मी महासभा जिलाध्यक्ष डा. वी.के. वर्मा ने कहा कि छत्रपति साहू महाराज ऐसे व्यक्ति थे, जिन्होंने राजा होते हुए भी दलित और शोषित वर्ग के कष्ट को समझा और सदा उनसे निकटता बनाए रखी। उन्होंने दलित वर्ग के बच्चों को मुफ्त शिक्षा प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू की थी। गरीब छात्रों के छात्रावास स्थापित किये और बाहरी छात्रों को शरण प्रदान करने के आदेश दिए। साहू महाराज के शासन के दौरान ‘बाल विवाह’ पर ईमानदारी से प्रतिबंधित लगाया गया। उन्होंने अंतरजातीय विवाह और विधवा पुनर्विवाह के पक्ष में समर्थन की आवाज उठाई थी। इन गतिविधियों के लिए महाराज साहू को कड़ी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। साहू महाराज ज्योतिबा फुले से प्रभावित थे और लंबे समय तक ‘सत्य शोधक समाज’, फुले द्वारा गठित संस्था के संरक्षण भी रहे। ऐसे महापुरूषों से प्रेरणा लेने की जरूरत है।
कार्यक्रम में आयोजक कुर्मी महासभा के प्रदेश संगठन सचिव डा. आर.के. सिंह पटेल, मस्तराम वर्मा, ई. श्यामलाल चौधरी, कमलेश कुमार चौधरी, चौधरी राजेश निराला, बद्री प्रसाद चौधरी, कृष्ण चन्द्र चौधरी, कमलेश चौधरी, विद्यासागर चौधरी, राम पाल, मनसाराम, अशोक कुमार वर्मा, शीतला चौधरी, अरविन्द चौधरी, कृष्णचन्द्र आदि ने कहा कि छत्रपति साहू महाराज ने दलित और पिछड़ी जाति के लोगों के लिए विद्यालय खोले और छात्रावास बनवाए। इससे उनमें शिक्षा का प्रचार हुआ और सामाजिक स्थिति बदलने लगी। परन्तु उच्च वर्ग के लोगों ने इसका विरोध किया। वे छत्रपति साहू महाराज को अपना शत्रु समझने लगे। उनके पुरोहित तक ने यह कह दिया कि- ‘आप शूद्र हैं और शूद्र को वेद के मंत्र सुनने का अधिकार नहीं है। छत्रपति साहू महाराज ने इस सारे विरोध का डट कर सामना किया। जयन्ती अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अमर प्रकाश पटेल, प्रेमचन्द्र पटेल, आलोक चौधरी, रवि प्रताप चौधरी, दयाराम, अशोक कुमार चौधरी, वृजभान चौधरी, प्रदीप चौधरी, मायाराम चौधरी, राज नारायण चौधरी, सुजीत कुमार चौधरी,, अंकित चौधरी, अमरपाल चौधरी, पुष्पेन्द्र चौधरी, राजन चौधरी अंकित पटेल आदि शामिल रहे।