Sunday, May 19, 2024
बस्ती मण्डल

9 वर्षो में तेजी से विकसित हुआ देश- दयाराम चौधरी

बस्ती । शुक्रवार को पूर्व विधायक दयाराम चौधरी, भारतीय जनता पार्टी जिलाध्यक्ष महेश शुक्ल ने पार्टी कार्यालय पर केंद्र में मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने प्रेस वार्ता कर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। नेताद्वय ने कहा कि पिछले 9 वर्षो में देश और उत्तर प्रदेश में अनेक मोर्चो पर तेजी के साथ विकास किया है। कहा कि सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास अर्जित कर सेवा सुशासन और गरीब कल्याण की दिशा में निरन्तर कार्य जारी है।
पत्रकारों के प्रश्नों का उत्तर देते हुये पूर्व विधायक दयाराम चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सोच और काम से पूरे विश्व में भारत और देशवासियों का सम्मान बढ़ा है। कहा कि लेकिन, पिछले नौ वर्षो में नरेन्द्र मोदी सरकार ने ऐतिहासिक कार्य किया है। कहा कि गरीब कल्याण और गरीब सशक्तिकरण के लिए यह सरकार काम कर रही है। वंचितों को उनका अधिकार देने के लिए प्रधानमंत्री ने जंग छेड़ी है। तकनीक में हमलोग पिछड़े हुए थे। नौ वर्षों में हम इस दिशा में काफी आगे बढ़ गए है। अब भारत की पहचान आत्मनिर्भर देश के रूप में होती है। 2014 से पहले भारत आर्थिक रूप से विकसित देशों में 11वें नंबर पर था, आज ब्रिटेन को पीछे छोड़कर पांचवें नंबर पर पहुंच गया है। 2030 तक तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनेगी।
पूर्व विधायक दयाराम ने कहा कि आवास, शौचालय, सम्पर्क मार्ग के साथ ही किसानों की आय बढाने की दिशा में अनेक कार्य किये गये है। विशेषकर मुण्डेरवा की चीनी मिल शुरू हो जाने से गन्ना किसानों को काफी लाभ हुआ है और रोजगार सृजन भी हुये है। कहा कि विकास एक सतत चलने वाली प्रक्रिया है, जो विकास कार्य किन्ही कारणों से नहीं हो सका है उसे प्राथमिकता से पूरा कराया जायेगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष महेश शुक्ल ने कहा कि अमृतकाल से शताब्दी वर्ष 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र होगा। सड़क निर्माण में 500 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई, भारत की विरासत को आगे ले जाने के लिए काम हो रहा है। इस वर्ष के अंत तक राम मंदिर बन जाएगा। केदारनाथ, बद्रीनाथ नाथ धाम का विकास हुआ। कहा कि बस्ती जनपद में विकास के अनेक कार्य कराये गये हैं। पूरे विश्व में भारत एक महाशक्ति बनने की ओर है।