Sunday, May 19, 2024
बस्ती मण्डल

गौतम बुद्ध की जयंती धूमधाम से मनाई गई

नगर बाजार/बस्ती।(शकील खान ) क्षेत्र के कोईलपुरा में बुद्ध पूर्णिमा पर लोगों ने धूमधाम से गौतम बुद्ध की जयंती मनाई। शुक्रवार को आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस अवसर पर गौतम बुद्ध की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गयी।
कोईलपुरा के पंचशील पार्क में आए बौद्ध भिक्षु संघसागर ने कहा कि गौतम बुद्ध ने जनकल्याण के लिए अपना घरबार छोड़ दिया था, इसके बाद उन्होंने दुखी लोगों के लिए सुख का रास्ता खोजा।उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध की दी शिक्षाएं और तर्क आज के आधुनिक युग में भी उतनी ही प्रभावशाली हैं। यही एक मात्र ऐसे युगदृष्टा हुए जो हमें जीवन की समृद्धि सम्यक दिशा दिखाते हैं।लोग उनकी शिक्षाओ का अनुकरण करते हैं।
कार्यक्रम के संस्थापक काली प्रसाद ने कहा कि बुद्ध पूर्णिमा को हम त्रिविध पूर्णिमा के नाम से मनाते हैं। इसका मतलब इस दिन बुद्ध के जीवन की तीन महत्वपूर्ण घटनाएं घटी थी। पहला बुद्ध का जन्म, दूसरा ज्ञान की प्राप्ति, तीसरा महापरिनिर्वाण। उनके उपदेशों में समता, स्वतंत्रता, बंधुत्व के अलावा क्षमाशील और प्रज्ञा का विशेष स्थान है। उनके मैत्रीभाव की दुनिया कायल है।
बौद्ध भिक्षु संघसागर व अन्य लोगों ने भगवान बुद्ध के प्रतिमा के समक्ष कैंडल जलाकर माल्यार्पण किया।महिलाओं ने गीत गाकर भगवान बुद्ध की आराधना किया।
इस अवसर पर श्रीराम, मस्तराम, राज बहादुर बौद्ध, सुभाष, रूदल,जालंधर, राम अवतार, संतराम समेत तमाम लोग बड़ीं संख्या में मौजूद रहे।