Saturday, May 18, 2024
गोरखपुर मण्डल

जेल से छूटी महिला गैंगस्टर के घर पर फायरिंग, दो घायल, मुकदमा दर्ज

गोरखपुर। जेल से जमानत पर छूटी गैंगेस्टर गीता तिवारी के सूर्य विहार कालोनी स्थित मकान पर बर्थडे पार्टी में गोली चलने से दो युवक घायल हो गए। घटना शुक्रवार की रात तकरीबन साढ़े 11 बजे रात में हुई। गोली चलने से मोहल्ले में अफरा—तफरी मच गई। दोनों युवकों नीतिश (34) और मोहम्मद आमिर (30) को साथियों ने मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। तब घटना की जानकारी पुलिस अधिकारियों को हुई। पार्टी में शामिल कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। फायरिंग में गंभीर रूप से घायल नीतिश को डॉक्टरों ने रात में ही लखनऊ रेफर कर दिया था। एसपी सिटी डॉ. कौस्तुभ ने कहा है कि मामले की छानबीन की जा रही है। घायल युवक के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है।

👉 पार्टी में जुटे थे कई बदमाश, अचानक चला दी गोली

तिवारीपुर इलाके के सूर्य विहार कॉलोनी में गैंगेस्टर गीता तिवारी रहती है। वह 20 अक्टूबर को जेल से जमानत पर छूटकर आई है। शुक्रवार को उसकी नतिनी का जन्मदिन था। इसलिए उसने अपने घर पर पार्टी बुलाई। गीता के साथ फाइली रहे कई बदमाश भी पहुंचे। रात में सबने खाया—पीया और डीजे पर डांस किया। रात में करीब साढ़े 11 बजे डांस के दौरान किसी बात को लेकर वहां पर विवाद हुआ। इसके बाद तमंचे से ताबड़तोड़ गोली चली। फायरिंग में नीतिश और आमिर घायल हो गए। उनको गाड़ियों में लादकर साथी मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। गोली से घायल होने की बात सामने आने पर मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी स्टॉफ ने पुलिस को सूचना दी। गुलरिहा थाना की पुलिस तत्काल इमरजेंसी में पहुंची। फिर सभी अधिकारियों को बताया गया। इसके बाद तिवारीपुर पुलिस भी हरकत में आई। रात एक बजे एसपी सिटी डॉ. कौस्तुभ भी पहुंचे। उन्होंने बताया कि जस्सू जायसवाल, सीरिंज सोनकर, छोटू कुरैशी और दोनों घायल साथ में पार्टी में गए थे। दो आरोपियों को पकड़ लिया गया है। अन्य की तलाश की जा रही है।