Sunday, May 19, 2024
बस्ती मण्डल

आर्य वीर दल व आर्य समाज ने मनाई महर्षि दयानंद सरस्वती की जयंती

बस्ती। आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा सामाजिक क्रांति के अग्रदूत महर्षि दयानन्द सरस्वती की 200वीं जयन्ती के शुभारम्भ के साथ ही पूरे देश भर में विभिन्न कार्यक्रमों का भी शुभारंभ हो गया। इसी कड़ी में आर्य वीर दल बस्ती मण्डल के बच्चों द्वारा आर्य समाज नई बाजार बस्ती में वैदिक यज्ञ कर महर्षि दयानन्द की जयन्ती मनाई गई। इस अवसर पर आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए ओम प्रकाश आर्य मुख्य संरक्षक आर्य वीर दल पूर्वी उत्तर प्रदेश ने बताया कि मण्डल के आर्य समाज मंदिरों, गुरुकुलों, डी ए वी कालेजों के माध्यम से लगातार दो वर्षो तक अनेकानेक जनकल्याणकारी योजनाओं व कार्यक्रमों को क्रियान्वित किया जाएगा। इस दौरान दिनांक 15 फरवरी को स्वामी दयानन्द विद्यालय सुर्तीहट्टा बस्ती के बच्चों द्वारा जयन्ती वर्ष के अंतर्गत शोभा यात्रा व विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। वाल्टरगंज के थानाध्यक्ष इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। यज्ञ कराते हुए आर्य वीर दल के मण्डलपति आचार्य देवव्रत आर्य ने बताया कि आर्य वीर दल के माध्यम से युवक युवतियों के लिए अलग अलग आवासीय व गैर आवासीय शिविरों का आयोजन किया जाएगा। महान समाज सुधारक महर्षि दयानंद जी ने वेद प्रचार व वैदिक सिद्धांतों के पालन पर जोर दिया वैदिक संस्कृति के प्रचार-प्रसार हेतु आर्य समाज की स्थापना की। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में समस्तीपुर बिहार से पधारे ज्ञानेन्द्र शास्त्री ने जिले में गुरुकुल की महती आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि हमारे देश में लाखों गुरुकुल थे जिनकी संख्या कम हो गई है हमें पुनः उन्हें संचालित करने की आवश्यकता है। आर्य वीर दल बस्ती के प्रभारी रवि आर्य ने कहा कि महर्षि दयानंद बचपन से ही तीव्र दार्शनिक बुद्धि के थे शिवरात्रि के दिन की घटना ने मूल शंकर से महर्षि दयानंद सरस्वती बना दिया जिन्होंने सच्चे ईश्वर उपासना का मार्ग सर्व समाज को दिखाया। आर्यवीर-वीरांगनाओं ने इस अवसर पर सर्वाङ्ग सुन्दर व्यायाम का अभ्यास किया। गीत कविता व भाषण प्रस्तुत कर राधेश्याम आर्य, आयुषी, मोहिनी, यश, तेजस्व आदि ने ऋषि के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके पदचिन्हों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी आर्य जनों ने वेद प्रचार का संकल्प लिया। इस अवसर पर गरुण ध्वज पाण्डेय, मनोज गुप्ता, सुरेंद्र शर्मा, श्रीमती कलावती शर्मा, रिया चौधरी, अमरेंद्र कुमार, प्रखर आर्य विजय आर्य, प्रमोद गुप्ता, मनोज कुमार, श्लोक, अंशिका मद्धेशिया। आनंद आर्य, सोनम सोनी, अदिति बरनवाल, शुभी शर्मा, आदित्य कुमार, गणेश आर्य, विश्वनाथ प्रसाद, शालिनी मिश्रा, मानवी जायसवाल, दिलीप कुमार, अनूप कुमार, प्रीति गुप्ता, पूजा सोनी, नीलू देवी, गौरी आर्य, कौशलेंद्र प्रसाद सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।