Saturday, May 18, 2024
बस्ती मण्डल

नोडल अधिकारी ने समीक्षा बैठक कर संबंधित अधिकारियो को दिया दिशानिर्देश

संत कबीर नगर। जितेन्द्र पाठक। अपर मुख्य सचिव उ0प्र0 शासन एवं जनपद के नोडल अधिकारी अनिल कुमार, आई0ए0एस0 ने कलेक्ट्रेट सभागार में कोविड-19, संचारी रोग नियत्रंण, स्वच्छता अभियान एवं पेयजल की समीक्षा किया। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी दिव्या मित्तल, पुलिस अधीक्षक ब्रजेश सिंह, अपर जिलाधिकारी संजय कुमार पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी अतुल मिश्र, सहित अन्य सम्बंधित अधिकारी गण उपस्थित रहें।
जनपद में कोविड-19 की वर्तमान स्थिति एवं कोरोना संक्रमण को रोकने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग, नगर पालिका, जिला पंचायती राज विभाग, एवं अन्य सम्बंधित विभागों द्वारा किये जा रहें प्रयासो एवं उसके परिणामों की गहन समीक्षा करते हुए नोडल अधिकारी अनिल कुमार ने मुख्य चिकित्साधिकारी से विभिन्न विन्दुओं पर सवाल पूछें तथा आवश्यक निर्देश दिया। मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि जनपद में अबतक कुल 159908 लोगों का कोविड टेस्ट कराया जा चुका है, जिसमें 2931 लोगो के पाॅजिटिव पाये जाने के बाद उन्हें होम आईसोलेशन अथवा अस्पताल में रखने के उपरान्त अबतक 1472 लोग स्वस्थ्य हो चुके है। संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा के दौरान बताया गया कि विगत 1 अक्टूबर से 30 अक्टूबर 2020 तक चलाये जाने वाले इस अभियान में आशाओं द्वारा घर-घर जाकर माॅनिटरिंग एवं बचाव हेतु विभिन्न विन्दुओं पर उन्हें जागरूक किया जा रहा है। जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों के सेंवदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता के साथ अभियान को संचालित कराय जा रहा है।
जनपद के स्वच्छता अभियान की समीक्षा के दौरान डी0पी0आर0ओ0 द्वारा बताया कि कि जनपद में वेसलाइन सर्वे 2012 के अनुसार सभी को शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है। जनपद के 651 ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालय बनाये जाने का कार्य चल रहा है, जिसमें 253 सामुदायिक शौचालय पूर्ण हो चुके है। इस पर नोडल अधिकारी ने बाकी सामुदायिक शौचालयों के निर्माण में देरी का कारण पूछते हुए इस दिशा में प्रयास तेज करने के निर्देश दिये। नोडल अधिकारी ने अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका से कस्बों, वार्डो, सड़कों आदि की साफ-सफाई फाॅगिंग, सेनेटाईजेशन, जल जमाव आदि के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए निर्धारित शिड्यूल के अनुसार साफ-सफाई व्यवस्था चुस्त दुरूस्त रखने क निर्देश दिये।
समीक्षा के दौरान नोडल अधिकारी श्री कुमार ने जनपद में कुल 65 पेयजल योजनाओं में से संचालित 23 पेयजल योजनाओं को नियमानुसार सम्बंधित ग्राम पंचायतों को हैण्डओवर करने तथा निर्माणाधीन एवं अनारम्भ योजनाओं के संचालन की दिशा में प्रयास तेज करने के निर्देश अधिशाषी अधिकारी जल निगम को दिया गया। जनपद में मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को कानून एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने सरकार द्वारा उपलब्ध सुविधाओं से उन्हें अवगत कराना तथा जनपद के विकास में महिलाओं की बढ़ चढ़ कर भागीदारी सुनिश्चित कराने की दिशा में सम्बंधित अधिकारी के साथ विभिन्न विन्दुओं पर समीक्षा की गयी।