Monday, July 1, 2024
बस्ती मण्डल

49वीं पुण्यतिथि पर याद किये गये पं राम उजागर शर्मा

बस्ती। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पं राम उजागर शर्मा की 49वीं पुण्यतिथि पर उन्हें जनपद के साहित्यकारों, कवियों द्वारा याद कर श्रद्धांजलि दी गई। श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता करते हुए डा रामनरेश सिंह मंजुल ने विस्तार से उनके बारे में बताते हुए कहा की वह विभिन्न जेलों में लगभग 8 वर्षों तक बंदी रहे। बंदी के दौरान उनकी मुलाकात प्रसिद्ध कवि मैथिलीशरण गुप्त से हुई। जिन्होंने उन्हें विद्रोही की संज्ञा से कविताएं लिखने के लिए प्रेरित किया। जेल में ही उन्होंने परिवर्तन और जागृति के नाम से क्रान्तिकारी उपन्यासों की रचना की। जिसे ब्रिटिश सरकार ने जब्त कर लिया था।
भूतपूर्व सेलटैक्स कमिश्नर कमलापति पाण्डेय ने बताया की आजादी के बाद से ही देश सेवा का जज्बा कायम रहने की वजह से उन्होंने अपने गांव गौसपुर में नेहरू कृषक विद्यालय की स्थापना की। वह भारत सेवक समाज के अध्यक्ष, प्रान्तीय रक्षक दल के बस्ती कैप्टन, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष व भारत सोवियत मैत्री संघ के अध्यक्ष पदों पर आसीन रहे।
वरिष्ठ साहित्यकार सत्येन्द्र नाथ मतवाला ने कहा की उन्होंने संग्राम व समाजवादी भारत का प्रकाशन किया। क्रान्तिकारी कविताएं और रचनाएं लिखते रहे। प्रदेश शिक्षक संघ की पूर्व अध्यक्ष शशिबाला श्रीवास्तव ने स्व रामउजागर शर्मा के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
अन्तर्राष्ट्रीय कवि डा रामकृष्ण लाल जगमग के संयोजन में आयोजित कवि सम्मेलन में डा अफजल हुसैन अफजल, सागर गोरखपुरी, डा राजेन्द्र सिंह राही, जगदम्बा प्रसाद भावुक, शाहिद बस्तवी, कमला पति पाण्डेय ने देश प्रेम की रचनाएं प्रस्तुत करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर वरिष्ठ नागरिक मंच द्वारा वयोवृद्ध सुदामा राय एवं शमसुद्दीन को शाल, श्रीफल देकर सम्मानित किया गया।
श्रद्धांजलि सभा का आयोजन श्याम प्रकाश शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर रमेश चन्द्र श्रीवास्तव, दीपक प्रसाद, वीएन श्रीवास्तव, रामचन्द्र पाल, लालजी पाण्डेय एडवोकेट, मोरध्वज मिश्र, वीके मिश्र, रोटरी विनय कुमार श्रीवास्तव, कमिश्नर बार के अध्यक्ष राजकुमार श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह बागी, ओमप्रकाश पाण्डेय, माधुरी पाण्डेय, फारूकी, पूजा मिश्रा, जय प्रकाश गोस्वामी, साइमन फारूकी, गिरिश चन्द्र मिश्र, अनुराधा शुक्ला, दीनानाथ यादव, विकास शर्मा, अरूण कुमार के साथ ही अन्य लोग मैजूद रहे।