Saturday, May 18, 2024
मनोरंजन

प्रियंका चोपड़ा ने अपनी किताब ‘अनफिनिश्ड’ पूरी की, कहा-इसका हर शब्द मेरी जिंदगी का हिस्सा

मुंबई। बेहतरीन एक्ट्रेस, शानदार फिल्म निर्माता और एक बिजनेस वूमेन बनने के बाद अब प्रियंका चोपड़ा राइटर भी बन गयी हैं। 2018 में प्रियंका चोपड़ा ने अपनी एक किताब के बारे में सोशल मीडिया पर जानकारी दी थी। उन्होंने कहा था कि वह एक किताब पर काम कर रही है। इसका लेखन कार्य वह जल्द खत्म करके उसे पब्लिश करेंगी। दो साल बाद प्रियंका चोपड़ा की किताब ‘अनफिनिश्ड’ अब पूरी हो गयी है। प्रियंका ने इस सूचना को अपने ट्वीटर पर साझा किया हैं।

अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने मंगलवार को खुलासा किया उन्होंने अपने संस्मरणों पर आधारित किताब ‘अनफिनिश्ड’ को पूरा कर लिया है और यह जल्द ही प्रकाशित होगी। ‘अनफिनिश्ड’ 38 वर्षीय अभिनेत्री के निजी आलेखों, कहानियों और विचारों का संग्रह है जिसका प्रकाशन पेंग्विन रेंडम हाउड इंडिया करेगा। अभिनेत्री ने ट्विटर पर कहा कि यह किताब नितांत निजी और अंतरावलोकन वाले क्षणों की उपज है।उन्होंने लिखा कि ‘अनफिनिश्ड’ पूरी हो गयी है, अभी आखिरी पांडुलिपी भेजी है।आप सभी से इसे साझा करने से खुद को रोक नहीं सकती।

38 वर्षीय अभिनेत्री ने कहा कि उनके संस्मरण का प्रत्येक शब्द अंतरावलोकन की उपज है और उनकी जिंदगी को दर्शाने वाला है। प्रियंका ने 17 साल की उम्र में मनोरंजन उद्योग में कदम रखा जब वह मिस इंडिया चुनी गई और इसके बाद मिस वर्ल्ड बनीं। उन्होंने ‘ऐतराज’, ‘बर्फी’, ‘सात खून माफ’ और ‘बाजीराव मस्तानी’ जैसी फिल्मों में काम किया। उन्हें एबीसी के शो ‘क्वांटिको’ से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति हासिल हुई।इसके अलावा उन्होंने ‘बेवॉच’ फिल्म से हॉलीवुड फिल्मों में करियार की शुरुआत की और इसके बाद ‘ ए किड लाइक जैक’ फिल्म में भी काम किया। लेखक अरविंद अडिगा की किताब ‘व्हाइट टाइगर’ पर बन रही नेटफ्लिक्स की फिल्म में भी अभिनेत्री नजर आएंगी।