Saturday, May 18, 2024
बस्ती मण्डल

बजट ने कर्मचारियों को निराश किया- अतुल पाण्डेय

बस्ती। आम बजट पर प्रतिक्रियाओं का सिलसिला जारी है। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तर प्रदेश ‘एस.पी. तिवारी गुट’ के जिलाध्यक्ष अतुल कुमार पाण्डेय ने कहा है कि केन्द्रीय बजट से प्रदेश के कर्मचारियों में घोर निराशा है। बजट में सरकारी कर्मचारियों के लिये कुछ भी नहीं है। न तो आयकर के स्लैव्स में बदलाव किया गया और न ही किसी छूट का ही प्राविधान किया गया है।
कहा कि अल्प वेतन भोगी और मध्यम वर्ग के लोग कोरोना काल में सर्वाधिक परेशान हैं, सरकार ने बजट में उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया है। यह बजट नौकरी पेशा लोगो और मध्यम वर्ग के लिये पूरी तरह से निराशाजनक है।
फोटो- आशीष कुमार श्रीवास्तव
आत्मनिर्भर भारत को समर्पित है आम बजट- आशीष कुमार श्रीवास्तव
बस्ती । आम बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये पं. दीन दयाल उपाध्याय सेवा प्रतिष्ठान के अध्यक्ष आशीष कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि कठिन समय में यह आम बजट देश की जनता में आशा और विश्वास का संचार करने वाला है। बजट में किसानों को सीधे खाते में भुगतान, विकास की रफ्तार बढ़ाने, मजदूरों और महिलाओं के साथ ही आम लोगों की सहायता को ध्यान में रखते हुए, शिक्षा, स्वास्थ्य आधारभूत संरचना विकास के साथ ही संपूर्ण विकास को समर्पित एक संतुलित बजट है। इससे समाज के अंतिम वर्ग को विकास का अवसर प्राप्त होने के साथ ही आत्म निर्भर भारत का मार्ग प्रशस्त होगा। देश इस बजट से तेजी से विकसित होगा और चर्तुदिक विकास के नये अवसर खुलेंगे।