Saturday, June 29, 2024
बस्ती मण्डल

लोगों से किया सम्पर्क, दिया उद्घाटन में साक्षी बनने का न्यौता

बस्ती। आगामी 7 दिसम्बर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा गोरखपुर खाद कारखाने का उद्घाटन किया जायेगा। कार्यक्रम में हिस्सेदारी के लिये आम नागरिकों को भी आमंत्रित किया गया है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता रमाकान्त पाण्डेय ने रविवार को कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र के अनेक क्षेत्रों में सघन भ्रमण कर लोगों से आग्रह किया कि वे उद्घाटन कार्यक्रम के साक्षी बनें।

भाजपा नेता रमाकान्त पाण्डेय ने कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र के सिकटा, सन्तोषनगर, जलेबीगंज, मुसहा, पचपेड़वा, गौर, शेखापुर, बेलसड़ सहित अनेक क्षेत्रों में भ्रमण के दौरान कहा कि गोरखपुर खाद कारखाना पूर्वान्चल के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। कहा कि पूर्वान्चल उद्योगहीन क्षेत्र हो गया था। गोरखपुर खाद कारखाना कांग्रेस की सरकार में बंद हुआ किन्तु प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे चुनौती के रूप में लिया और खाद कारखाने से उत्पादन शुरू कर दिया गया है। भाजपा नेता रमाकान्त ने कहा खाद कारखाने से लगभग 50 हजार लोगों को परोक्ष या अपरोक्ष रूप से नौकरी और रोजगार मिलेगा। यह बड़ा उपहार प्रधानमंत्री 7 दिसम्बर को भेंट करेंगे। यह बड़ी उपलब्धि है।
भ्रमण एवं सम्पर्क के दौरान भाजपा नेता रमाकान्त पाण्डेय के साथ बंश बहादुर यादव, अशोक यादव, आनन्द, महेन्द्र, सोनू, चन्द्रराम, सुनील, सुभाष, आशीष, सदानन्द के साथ ही अनेक लोग शामिल रहे।